अकोला में सांसद खेल स्पर्धा 2025 का समापन 25 दिसंबर को, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे वर्चुअल संबोधन
आगरा। लोकसभा क्षेत्र फतेहपुर सीकरी में युवाओं को खेलों से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को निखारने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से आयोजित सांसद खेल स्पर्धा 2025 का भव्य एवं ऐतिहासिक समापन समारोह आगामी 25 दिसंबर को मिनी स्टेडियम, अकोला में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से खेल संस्कृति को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
आगरा। लोकसभा क्षेत्र फतेहपुर सीकरी में युवाओं को खेलों से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को निखारने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से आयोजित सांसद खेल स्पर्धा 2025 का भव्य एवं ऐतिहासिक समापन समारोह आगामी 25 दिसंबर को मिनी स्टेडियम, अकोला में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से खेल संस्कृति को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
समापन समारोह की तैयारियों को लेकर किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने मिनी स्टेडियम अकोला में प्रशासनिक अधिकारियों एवं आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था, मंच सज्जा, खिलाड़ियों के सम्मान, दर्शकों की सुविधाएं, मेडिकल व्यवस्था और मीडिया कवरेज सहित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई।
पांचों विधानसभा क्षेत्र के विधायक करेंगे खिलाड़ियों का सम्मान
सांसद राजकुमार चाहर ने बैठक के दौरान बताया कि सांसद खेल स्पर्धा 2025 के अंतर्गत लोकसभा क्षेत्र की पाँचों विधानसभा क्षेत्रों से भाग लेने वाले सैकड़ों खिलाड़ियों को समापन समारोह में पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर सभी विधानसभा क्षेत्रों के विधायक उपस्थित रहेंगे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी का वर्चुअल संबोधन रहेगा आकर्षण का केंद्र
समारोह की एक बड़ी विशेषता यह होगी कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से खिलाड़ियों को संबोधित करेंगे। उनका प्रेरणादायी संदेश युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करेगा।
ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच देने की सशक्त पहल
सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि सांसद खेल स्पर्धा का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाना, उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना और युवाओं को नशा, अपराध एवं नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रखते हुए खेलों की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रभावना को भी सशक्त करते हैं।
बैठक में ये रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में एडीएम ई अजय नारायण सिंह, उपजिलाधिकारी सचिन राजपूत, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, एसीपी सुकन्या शर्मा, युवा जिला कल्याण अधिकारी बिजेंद्र कुमार, क्रीड़ा अधिकारी सविता श्रीवास्तव, बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, थाना प्रभारी अंकुर मलिक, ब्लॉक प्रमुख राजू प्रधान, प्रधान गंभीर सिंह, लाला प्रधान, मैनेजर उदयवीर सिंह, परमवीर चाहर, सतेंद्र यादव, सचिन गोयल सहित तहसील के समस्त प्रशासनिक अधिकारी एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। समापन समारोह को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और इसे युवाओं के लिए एक यादगार एवं प्रेरणादायी आयोजन बनाने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।