नगरायुक्त ने मिथिला नगरी का दौरा किया, जनकपुरी की तैयारियों पर सांसद नवीन जैन सख्त
आगरा। आगरा में होने वाले उत्तर भारत के सबसे बड़े सांस्कृतिक उत्सव जनकपुरी महोत्सव की तैयारियों को लेकर बुधवार शाम नगर निगम की टीम और आयोजन समिति के बीच हुई बैठक में सांसद नवीन जैन ने नगर आयुक्त को 17 सितंबर से पहले सभी कार्य युद्ध स्तर पर पूरा कराने को कहा। उन्होंने बवाग कंपनी को सीवर लाइन ओवरफ्लो पर फटकार लगाते हुए कार्यप्रणाली सुधारने की नसीहत दी और साफ-सफाई, पेड़ों की छंटाई, स्ट्रीट लाइट, सड़कों की मरम्मत व विद्युत व्यवस्था सहित तमाम कार्यों को समय रहते पूर्ण कराने पर जोर दिया। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने समिति की हर अपेक्षा पूरी करने का आश्वासन दिया।
जनकपुरी महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रभु श्रीराम के आगमन को लेकर जनभावनाएं चरम पर हैं। बुधवार शाम नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल पूरी टीम के साथ मिथिला नगरी पहुंचे, जहां समिति पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई।
सांसद नवीन जैन ने नगर आयुक्त से कहा कि अब 50 फीसदी समय कमला नगर और मिथिला नगरी की व्यवस्था सुधारने में लगाया जाए। पांच दिन प्रभु श्रीराम की सेवा को निकालें और 17 सितंबर से पहले सभी कार्य पूर्ण करवाएं।
बैठक में सांसद जैन ने बवाग कंपनी के प्रतिनिधि से तीखा सवाल किया कि कमला नगर में सीवर लाइन ओवरफ्लो क्यों हो रही है?” उन्होंने कहा, लाइन ब्लॉक है तो बदलें और अपनी कार्यप्रणाली सुधारें।
सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर जगह स्ट्रीट लाइट लगाई जाए ताकि कहीं अंधेरा न रहे। पेड़ों की छंटाई और स्प्रे वाले टैंकर से सड़कों की धुलाई करवाई जाए। मैनहोल के ढक्कनों को सुरक्षित कर सड़क निर्माण हो। सड़कों पर पैच वर्क सहित निर्माण, छँटाई, सफाई को तेजी से पूरा किया जाए।
मुरारी प्रसाद अग्रवाल (अध्यक्ष) ने कहा कि इस बार 15 से 20 लाख भक्त जनकपुरी का दर्शन करेंगे। महामंत्री पार्षद प्रदीप अग्रवाल ने रश्मि पैलेस के बाहर नाला कवर करने का प्रस्ताव रखा ताकि दुर्घटना न हो। स्वागताध्यक्ष डीडी सिंघल ने कहा कि रामकाज में सभी लोग सक्रिय रहें और पद की गरिमा बनाए रखें।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने भरोसा दिलाया कि नगर निगम समिति की हर अपेक्षा को समय रहते पूरी करेगा। बैठक के बाद निगम टीम और समिति पदाधिकारियों ने क्षेत्र का दौरा भी किया।
बैठक में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि जनकपुरी महोत्सव से पहले समिति अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल के निवास वाली सड़क का निर्माण किया जाए। महामंत्री प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि भगवान राम अध्यक्ष जी के घर भी पधारेंगे, इसलिए सड़क को समय रहते बनवाना आवश्यक है।
बैठक में नगर निगम से: नगर स्वास्थ्य अधिकारी संजीव वर्मा, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय मित्र, जोनल सेनेटरी ऑफिसर जितेंद्र सिंह, चीफ इंजीनियर बी.एल. गुप्ता, चीफ इंजीनियर राम सहाय और समिति की ओर से संरक्षक राकेश मंगल, सीताराम अग्रवाल, डॉ. जितेंद्र तिवारी, प्रवीणा पालीवाल, रामगोपाल गोयल, मनोज शाक्य, प्रशासनिक व्यवस्था प्रभारी अनिल अग्रवाल एडवोकेट, सह कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल आदि मौजूद रहे।