नगर निगम ने निकाली आज सुबह तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के गीतों पर झूमे लोग 

आगरा। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा- हर घर स्वच्छता के संदेश के साथ आज सुबह नगर निगम द्वारा मधु नगर से फतेहाबाद रोड स्थित सेल्फी प्वाइंट तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। रैली में पूर्व सैनिकों, युवाओं, बच्चे और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी ने भारत को विश्व गुरु बनाने का संकल्प लिया। 

Aug 11, 2025 - 15:44
Aug 11, 2025 - 15:53
 0
नगर निगम ने निकाली आज सुबह तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के गीतों पर झूमे लोग 

आज सुबह मधु नगर से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा में शामिल लोगों के हाथ में तिरंगा लहरा रहा था और आसमान में भारत माता की जय की गूंज सुनाई दे रही थी। यात्रा में बड़ी संख्या में नगर निगम के कर्मचारी, पूर्व सैनिक व क्षेत्रीय लोग शामिल हुए। देशभक्ति के तरानों पर सभी झूमते नजर आ रहे थे। 

नगर निगम ने मधु नगर से सेल्फी प्वाइंट तक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया था। यात्रा को अपर नगर आयुक्त शिशिर राय ने हरी झंडी दिखाई। यात्रा में देशभक्ति के गानों पर लोग झूमते हुए और तिरंगा लहराते हुए आगे बढ़ रहे थे। जगह-जगह नगर निगम के कर्मचारी और पूर्व सैनिकों ने भारत माता के नारे लगाए। फतेहाबाद रोड स्थित सेल्फी प्वाइंट पर यात्रा का समापन हुआ। यहां पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। सभी ने देशभक्ति गानों पर जमकर डांस किया। तिरंगा लहराकर देशभक्ति की भावनाओं को प्रकट किया।

तिरंगा यात्रा का आयोजक नगर निगम था पर इसमें न तो महापौर और न ही नगर आयुक्त शामिल हुए। एकाध पार्षदों को छोड़कर कोई अन्य पार्षद भी नहीं पहुंचा। 
नगर निगम के कर्मचारी ही यात्रा में जोश के साथ चलते दिखे। इसके अलावा सामाजिक संगठनों के सदस्य और क्षेत्रीय जनता ही यात्रा में शामिल हुई।