संजय प्लेस और न्यू मार्केट जीवनी मंडी के हालात सुधारेगा नगर निगम

आगरा। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही संजय प्लेस में जल्द ही सभी ब्लॊकों से अतिक्रमण हटाकर पार्किंग दुरुस्त की जाएंगी। स्ट्रीट लाइटें भी ठीक कराई जाएंगी। इसके साथ ही न्यू मार्केट जीवनी मंडी में सड़क, नाली, खरंजा निर्माण समेत अन्य समस्याएं दूर की जाएंगी।

Feb 6, 2025 - 18:05
 0
संजय प्लेस और न्यू मार्केट जीवनी मंडी के हालात सुधारेगा नगर निगम
नगर निगम स्थित कार्यालय में नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल को अपनी समस्याएं बताते व्यापारी।

-चैंबर के प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को बताईं समस्याएं, संजय प्लेस में क्रेन के संचालन पर रोक

नगर आयुक्त ने यह भरोसा नेशनल चैम्बर के एक प्रतिनिधिमंडल को दिया। चैंबर अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में नगरायुक्त से मिले प्रतिनिधिमंडल ने उनसे संजय प्लेस,  और न्यू मार्केट जीवनी मंडी की समस्याओं पर चर्चा की थी।

चैंबर की मांग पर नगर आयुक्त ने ने कहा कि संजय प्लेस के व्यापारियों पर चल रहे मुकदमों का निस्तारण जल्द से जल्द कराया जाएगा। संजय प्लेस की समस्याएं दूर करने के लिए वे जल्द एडीए और प्रशासन से सहयोग लेकर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएंगे। अवैध पार्किंग वसूली के सम्बंध में तय हुआ कि कि एडीए, नगर निगम और संजय प्लेस वेलफेयर एसोसिएशन के साथ जल्दी एक बैठक आयोजित कर समस्या का उचित व स्थाई समाधान निकाला जाएगा। संजय प्लेस में अंधेरे वाले क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।

नगर आयुक्त ने यह भी कहा कि न्यू मार्केट और जीवनी मंडी की सड़कों, नालियों, खरंजों और शौचालयों का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम जल्द से जल्द टेंडर निकालेगा।

इस मुलाकात में चैंबर अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता ने नगर आयुक्त को बताया कि संजय प्लेस में अवैध रूप से चल रही क्रेन की समस्या है, जो वाहनों को उठाकर ले जाती है और अवैध वसूली करती है। नगर आयुक्त ने इस समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया और कहा कि अवैध क्रेन को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया जाएगा।

इस मुलाकात में चैंबर सदस्य विनय मित्तल, संजय प्लेस वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल अग्निहोत्री, सचिव हीरेन अग्रवाल, आरएस सेंगर, अशोक जैन, चतुर्भुज तिवारी आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

इस मुलाकात के बाद, चैम्बर के अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता ने कहा कि नगर आयुक्त ने हमारी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया है, जो हमारे लिए एक सकारात्मक कदम है। हम उम्मीद करते हैं कि नगर आयुक्त अपने आश्वासन को पूरा करेंगे और हमारी समस्याओं का समाधान करेंगे।

 

SP_Singh AURGURU Editor