कई लड़कों से बात करने पर बौखलाए भाई ने ही काट दी थी बहन की गर्दन, शाहजहांपुर में 22 साल की युवती की हत्या का राज खुला
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में युवती की हत्या की गुत्थी सुलझ गई है। इटोरा गोटिया गांव के एक खेत में जिस 22 वर्षीय युवती की लाश मिली थी, उसकी जान उसी के सगे भाई ने ली थी। भाई ने अपनी बहन की इसलिए हत्या की क्योंकि वह कई लड़कों से फोन पर बात किया करती थी और शादी से इनकार कर रही थी।
-राजीव शर्मा-
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के इटोरा गोटिया गांव में मंगलवार दोपहर खेत में युवती की हत्या का खुलासा हो गया है। भाई ने ही अपनी बहन की धारदार हथियार से हत्या की थी। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी के अनुसार, मृतका 22 वर्षीय युवती अपने पिता और भाइयों के साथ गांव में रहती थी। मंगलवार दोपहर उसके भाई शेर सिंह उर्फ शेरा ने बांक (धारदार हथियार) से उसकी हत्या कर दी।
मृतका के पिता ने रात में दर्ज कराई एफआईआर में बताया कि घटना के समय वह एक बेटे के साथ खेत पर काम कर रहा था, जबकि दूसरा बेटा शेर सिंह अलग खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान बेटी अपने भाई शेर सिंह के पास खेत में गई जहां बहस के बाद उसने बहन पर बांक से हमला कर दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी शेर सिंह ने बताया कि उसकी बहन कई लड़कों से फोन पर बात करती थी। जब भी परिवार वाले उसकी शादी की बात करते, वह टाल देती थी। घटना से पहले उसने बहन के मोबाइल में कुछ रिकॉर्डिंग सुनी, जिससे वह आगबबूला हो गया और नाराज होकर मोबाइल अपने पास रख लिया।
इसी मोबाइल को लेने मंगलवार को नैना खेत पर पहुंची और दोनों के बीच झगड़ा हो गया। गुस्से में शेर सिंह ने बांक से बहन की गर्दन पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उसे जेल भेज दिया गया है।