आगरा के रुनकता में दिनदहाड़े कत्लः बच्चों के खेल विवाद में बुजुर्ग महिला का गला रेत दिया

आगरा में सिकंदरा थाना क्षेत्र के रुनकता में दोपहर के समय बच्चों की खेल-ठनक ने ऐसा विकराल रूप ले लिया कि एक बुज़ुर्ग महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। व्यापारी मोहल्ला में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया, जब एक युवक ने 75 वर्षीय फिरदौस की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी और परिवार समेत फरार हो गया।

Oct 20, 2025 - 18:04
Oct 20, 2025 - 18:06
 0
आगरा के रुनकता में दिनदहाड़े कत्लः बच्चों के खेल विवाद में बुजुर्ग महिला का गला रेत दिया

 -व्यापारी मोहल्ले में हुई वारदात से सनसनी, आरोपी परिवार के साथ हुआ फरार

आगरा। आगरा जनपद के रुनकता क्षेत्र के व्यापारी मोहल्ला में रविवार को बच्चों के खेल से शुरू हुआ झगड़ा खूनखराबे में बदल गया। 32 वर्षीय इमरान उर्फ़ नौक, पुत्र नीलो, ने गुस्से में आकर 75 वर्षीय फिरदौस, पत्नी नवाबुद्दीन, की गला रेतकर हत्या कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना अपराह्न करीब 2:30 बजे की है। आरोपी इमरान पहले घर के भीतर गया, फिर बुज़ुर्ग महिला को बाहर खींच लाया और सड़क पर ही धारदार चाकू से वार कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों के चीखने-चिल्लाने से आसपास अफरा-तफरी मच गई। फिरदौस की वहीं मौत हो गई।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि बच्चों के खेल-कूद को लेकर दोनों परिवारों में पहले भी कई बार तनातनी और कहासुनी हो चुकी थी। पुरानी रंजिश और गुस्से ने इस बार कातिलाना रूप ले लिया। वारदात के बाद आरोपी इमरान अपने पूरे परिवार के साथ घर छोड़कर फरार हो गया।

सूचना मिलते ही रुनकता पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस टीमों ने आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर दबिशें दी हैं।

इलाके में तनाव का माहौल देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों हैं, क्योंकि एक मामूली विवाद ने पूरे मोहल्ले की शांति छीन ली है।

-रुनकता से सौरभ सिंह की रिपोर्ट

SP_Singh AURGURU Editor