जमीन के लिए किया खून! बरेली में बेटे ने पिता और भाई को कार से कुचलकर उतारा मौत के घाट

बरेली। जमीन के लालच में रिश्तों का खून कर देने वाली एक खौफनाक वारदात ने बरेली को दहला दिया। मंगलवार को फरीदपुर थाना क्षेत्र में एक लालची बेटे ने पहले अपने पिता और सौतेले भाई की बाइक को कार से टक्कर मारी और फिर दोनों को बेरहमी से कुचलकर मौत की नींद सुला दिया। यह दिल दहला देने वाला कृत्य करने वाला कोई और नहीं, बल्कि मृतकों का अपना ही खून मकसूद निकला।

Jul 1, 2025 - 20:00
 0
जमीन के लिए किया खून! बरेली में बेटे ने पिता और भाई को कार से कुचलकर उतारा मौत के घाट
मिसिरयार खां और हाजी नन्हें खां, जिनकी जान उनके अपने ही खून ने ले ली।

घटना फरीदपुर के अलगनी गांव की है, जहां 65 वर्षीय हाजी नन्हे खां अपने 33 वर्षीय बेटे मिसिरयार खां के साथ बाइक से फरीदपुर जा रहे थे। जैसे ही वे रजपुरिया गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही मकसूद की तेज रफ्तार ईको कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी। दोनों सड़क पर गिर पड़े। यह हादसा नहीं था। इसके बाद मकसूद ने खुद अपने पिता और भाई को कार से कुचल दिया और मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, हाजी नन्हे खां ने दो विवाह किए थे। पहली पत्नी से मकसूद पैदा हुआ, जबकि दूसरी पत्नी से मिसिरयार। नन्हे खां अपने छोटे बेटे मिसिरयार के साथ रहते थे। ज़मीन के बंटवारे को लेकर मकसूद का अपने पिता से विवाद चल रहा था। मकसूद पूरी ज़मीन पर कब्जा चाहता था, जबकि पिता बेटियों को भी बराबर का हिस्सा देना चाहते थे। इसी जमीन के विवाद ने हत्या की खतरनाक शक्ल ले ली।

घटना की सूचना मिलते ही सीओ संदीप सिंह और फरीदपुर थाना प्रभारी राधेश्याम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से आरोपी की क्षतिग्रस्त ईको कार बरामद कर ली गई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मकसूद की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें दबिश में जुटी हैं। फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor