आगरा के कल्पना कुंज में बुज़ुर्ग की हत्या और लूटपाट का खुलासा, नौकर ही निकले कातिल

आगरा। थाना सिकंदरा पुलिस, सर्विलांस और एसओजी टीम नगर जोन की संयुक्त कार्रवाई में उस हत्या और लूट के राज़ से पर्दा उठ गया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया था। 20 सितम्बर को सिकंदरा क्षेत्र के कल्पना कुंज, दहतोरा स्थित किराए के मकान में फिरोजाबाद निवासी राजकुमार की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने यूपीएसआईडी रोड से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जो मृतक के यहां ही नौकरी करते थे। वारदात की वजह लालच और अंदरुनी जानकारी निकली।

Sep 25, 2025 - 14:09
 0
आगरा के कल्पना कुंज में बुज़ुर्ग की हत्या और लूटपाट का खुलासा, नौकर ही निकले कातिल
सिकंदरा थाना क्षेत्र के कल्पना कुंज, दहतोरा में बुजुर्ग की हत्या में गिरफ्तार किये गये अभियुक्त और मामले का खुलासा करते एडिशनल डीसीपी सिटी आदित्य कुमार।

एडिशनल डीसीपी सिटी आदित्य कुमार ने बताया कि 20 सितम्बर की सुबह वादी को सूचना मिली कि उसके पिता राज कुमार की हत्या कर दी गई है। उस समय वह फिरोजाबाद में था। घर पहुंचकर उसने देखा कि पिता का शव लहूलुहान हालत में पड़ा है। अलमारियां टूटी हुई थीं और जेवरात गायब थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने अज्ञात चोरों पर हत्या और लूट का शक जताया।

मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीमों ने प्रशांत सविता पुत्र राजकुमार सविता निवासी रेहना, थाना उत्तर फिरोजाबाद और संकित सविता पुत्र रामदत्त सविता निवासी रेहना, थाना उत्तर फिरोजाबाद को यूपीएसआईडीसी रोड से दबोच लिया। इनके कब्जे से मृतक की सिम, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, दो मोबाइल, 5500 रुपये नकद और चोरी के जेवरात (दो चेन, एक जोड़ी पायल, अंगूठी, तोड़िया) बरामद किए गए। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी झाड़ियों से बरामद कर लिए।

पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे मृतक को पहले से जानते थे और उसके यहां काम भी करते थे। वारदात वाले दिन मृतक के साथ बैठकर शराब पी और फिर लूट की योजना पर अमल किया। जब राजकुमार ने विरोध किया तो चाकुओं से गोदकर उसकी हत्या कर दी। अलमारियों से जेवरात व नकदी लेकर भाग निकले। इतना ही नहीं, मृतक की सिम से उन्होंने यूपीआई एक्टिवेट कर 40 हजार रुपये मृतक के खाते से अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए और खर्च कर डाले।

खुलासा करने वाली टीम में थाना सिकंदरा प्रभारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी, निरीक्षक शैलेंद्र सिंह, सर्विलांस प्रभारी अभिषेक तिवारी, एसओजी प्रभारी सोहनपाल सिंह, एसआई प्रदीप कुमार शर्मा, विकास कुमार, नीलेश शर्मा, मोहित यादव सहित कई कांस्टेबल शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor