आगरा के नागर गांव में सात वर्षीय मासूम को अगवा कर खेत में ले जाकर पीटा गया, मारने की कोशिश
आगरा। थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव नागर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सात साल के मासूम लवकुश को अगवा कर उसे खेत में ले जाकर बुरी तरह पीटा गया और जान से मारने की कोशिश की गई। मासूम बच्चा अभी भी सदमे में है और बदहवास हालत में है।
घर के बाहर खेलते समय अगवा कर ले गए मासूम को
यह घटना 14 जुलाई की बताई जा रही है। गांव नागर निवासी लवकुश पुत्र राजू सिंह चौधरी दोपहर बारह बजे के करीब घर के बाहर खेल रहा था, तभी तीन किशोर उसे बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गए। उसे गांव के पास ही ढ़ैंचे के खेत में बंधक बनाकर पीटा गया और जान से मारने की कोशिश की गई।
रात 9 बजे खेत में बदहवास हालत में मिला बच्चा
परिजन जब काफी देर तक लवकुश को नहीं देख पाए तो तलाश शुरू की। गांव के हर कोने में खोजबीन के बाद बच्चा रात्रि नौ बजे खेत में रोता हुआ मिला। उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे और शरीर पर कई चोटों के निशान थे। पूछताछ में बच्चे ने बताया कि तीन लड़कों ने उसे पकड़कर खेत में ले जाकर पीटा और जान से मारने की कोशिश की।
गांव के असामाजिक तत्वों पर शक, पुलिस जांच में जुटी
परिजनों का आरोप है कि गांव के ही कुछ असामाजिक तत्व इस गतिविधि में संलिप्त हो सकते हैं। पुलिस को सूचना दे दी गई है और थाना अछनेरा पुलिस जांच में जुट गई है। यह भी जानकारी मिली है कि पुलिस ने घटना में संलिप्त दो किशोरों को पकड़ लिया है और उन्हें कुकथला पुलिस चौकी पर लाया गया है।