नाई की मंडी पुलिस का खुलासा, फुटवियर शोरूम से 11 लाख की चोरी में कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड
आगरा के नाई की मंडी थाना पुलिस ने चिराग फुटवियर शोरूम से हुई 11 लाख रुपये की चोरी का खुलासा किया है। मामले में दुकान का कर्मचारी राहुल मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 6.57 लाख नकद, दो बाइक और लोहे का सब्बल बरामद किया है।
सीसीटीवी तोड़कर की गई थी साजिशन चोरी, 4 आरोपी गिरफ्तार, 6.57 लाख नकद बरामद
आगरा। नाई की मंडी थाना पुलिस ने फुटवियर शोरूम में हुई 11 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि चोरी का मास्टरमाइंड कोई बाहरी नहीं, बल्कि दुकान में काम करने वाला कर्मचारी राहुल ही निकला। एक फरार आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी है।
घटना 31 जनवरी की रात की है, जब नाई की मंडी क्षेत्र स्थित चिराग फुटवियर शोरूम को निशाना बनाया गया। चोरों ने शोरूम की छत का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखे 11 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। वारदात से पहले और बाद में पहचान छिपाने के इरादे से सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए।
चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को शक दुकान के कर्मचारी राहुल पर हुआ। कड़ी पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रचने की बात कबूल कर ली।
6 फरवरी को पुलिस ने पंचकुइयां कब्रिस्तान के पास से समीर, राहुल सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पाँचवाँ आरोपी पवन फरार है। वह राहुल का भाई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। राहुल फुटवियर शोरूम में एकाउंटेंट था। उसी ने चोरी की पूरी योजना बनाई थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 6.57 लाख रुपये नकद, चोरी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें और लोहे का सब्बल बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल छत का गेट तोड़ने में किया गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले से शोरूम की गतिविधियों, नकदी रखने की जगह और सुरक्षा व्यवस्था से परिचित था, इसी का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया। फरार रकम की बरामदगी के प्रयास जारी हैं और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने चोरी का खुलासा करते हुए इसे एक सुनियोजित साजिश बताया और कहा कि जल्द ही पूरे मामले में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।