आगरा में श्याम नाम की गूंजः नंगे पांव सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लोहामंडी से जीवनी मंडी तक निकली निशान यात्रा
आगरा। हारे के सहारे बाबा श्याम हमारे के जयघोष के साथ ताज नगरी गुरुवार को भक्ति, श्रद्धा और उल्लास में डूब गई। श्री खाटू श्याम जी की भव्य एवं दिव्य निशान यात्रा ने लोहामंडी से जीवनी मंडी तक श्याम नाम की ऐसी गूंज बिखेरी कि पूरा मार्ग भक्तिरस से सराबोर हो उठा। यह भव्य आयोजन श्री श्याम मित्र मंडल एवं श्री श्याम महिला मित्र मंडल, लोहामंडी के संयुक्त तत्वावधान में चार दिवसीय धार्मिक–सामाजिक कार्यक्रमों की सशक्त शुरुआत बना।
निशान यात्रा की अगुवाई गणेश जी की सवारी ने की। इसके पश्चात सालासर बालाजी, कैला मैया, महाकाल की सवारी और फूल बंगले से सजे श्री खाटू नरेश के भव्य डोले पर तोप से पुष्पवर्षा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। बैंड–बाजों की भक्तिमय धुनों और श्याम बाबा की जय के उद्घोष से संपूर्ण मार्ग आस्था की लहरों में डूबा रहा।
सैकड़ों श्रद्धालु नंगे पांव, हाथों में निशान, सिर पर चांदी का छत्र लिए, श्वेत–हरे–पीले वस्त्रों में सजे, अनुशासनबद्ध कतारों में श्याम प्रभु की महिमा का गुणगान करते हुए चल रहे थे। जगह–जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का भावपूर्ण स्वागत किया गया।
श्री श्याम मित्र मंडल, लोहामंडी के अध्यक्ष अभि जैन ने बताया कि 16 जनवरी को प्रातः 10 बजे श्री कृष्ण गौशाला, शाहगंज में गौ माता को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। 17 जनवरी को पुनियापड़ा पथवारी मंदिर, लोहामंडी में महिला मंडल द्वारा श्याम नाम की मेहंदी का आयोजन होगा। 18 जनवरी को दोपहर 12 बजे जैन स्मृति भवन, जयपुर हाउस में दो निर्धन कन्याओं का विवाह वैदिक रीति–रिवाजों से कराया जाएगा तथा सायं 5 बजे से भव्य श्री श्याम भजन संध्या होगी, जिसमें देशभर के सुप्रसिद्ध भजन गायक प्रस्तुतियां देंगे।
निशान यात्रा का समापन जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में विधिवत पूजा–अर्चना के साथ हुआ, जहां निशान एवं चांदी का छत्र अर्पित किए गए। आरती और प्रसाद वितरण के साथ दिव्य यात्रा का भावपूर्ण समापन हुआ।
इस अवसर पर महामंत्री अमित अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष अतुल गुप्ता, मीडिया प्रभारी अखिल अग्रवाल, पार्षद अर्चना लवानिया, पार्षद हेमंत प्रजापति, विक्रांत कुशवाह, सियाराम विकास गुप्ता, श्री श्याम महिला मित्र मंडल अध्यक्ष पूजा राधे अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष अग्रवाल, इंद्र खंडेलवाल, मनीष अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।