आगरा के नामनेर में हाईटेंशन लाइन टूटकर ई रिक्शा पर गिरी, चालक झुलसा, रिक्शा जलकर खाक

आगरा। थाना रकाबगंज क्षेत्र के नामनेर में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एसआर हॉस्पिटल के पास अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर नीचे गिर पड़ा। नीचे से गुजर रहा ई-रिक्शा उसकी चपेट में आ गया। तार में करंट दौड़ रहा था, जिससे ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से झुलस गया और रिक्शा धू-धू कर जल उठा।

Jul 17, 2025 - 20:36
 0
आगरा के नामनेर में हाईटेंशन लाइन टूटकर ई रिक्शा पर गिरी, चालक झुलसा, रिक्शा जलकर खाक

तेज करंट की चपेट में आया चालक

घटना इतनी तेज़ थी कि लोग कुछ समझ भी नहीं पाए। ई-रिक्शा चालक करंट की चपेट में आते ही बुरी तरह जल गया और बेहोश होकर गिर पड़ा। इधर रिक्शा में लगी आग ने कुछ ही पलों में उसे खाक कर दिया। मौके पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बिजली विभाग को तुरंत हादसे की जानकारी दी, जिसके बाद हाईटेंशन लाइन से करंट का प्रवाह बंद कराया गया।

बढ़ा जन आक्रोश, सड़क पर उतरे लोग

हादसे के बाद गुस्साए लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए, जिससे इलाके में जाम की स्थिति बन गई। लोग बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर जमकर नाराजगी जता रहे हैं। कई लोगों का कहना था कि क्षेत्र में हाईटेंशन तार काफी नीचे लटकते रहते हैं और विभाग को कई बार सूचित करने के बावजूद कोई सुधार नहीं किया गया।

पुलिस मौके पर, जाम को किया नियंत्रित

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराया। झुलसे ई-रिक्शा चालक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

SP_Singh AURGURU Editor