आगरा में नमो युवा मैराथन से गूंजा नशा मुक्त भारत का संदेश, डिप्टी सीएम ने दिखाई हरी झंडी

आगरा। एकलव्य स्टेडियम से रविवार को नमो युवा मैराथन फॉर नशा मुक्त भारत का भव्य आगाज़ हुआ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल व जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। हजारों युवाओं की जोशभरी भागीदारी ने संदेश दिया कि नशे से मुक्त समाज ही विकसित भारत की नींव रखेगा।

Sep 21, 2025 - 15:55
 0
आगरा में नमो युवा मैराथन से गूंजा नशा मुक्त भारत का संदेश, डिप्टी सीएम ने दिखाई हरी झंडी
एकलव्य स्टेडिटम से नमो युवा मैराथन को हरी झंडी दिखाते यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल। अन्य चित्रों में मैराथन में भाग लेने पहुंचे युवा और युवाओं को संबोधित करते डिप्टी सीएम।

इस दौरान एकलव्य स्टेडियम युवाओं की ऊर्जा और जोश से सराबोर हो उठा। अवसर था नमो युवा मैराथन फॉर नशा मुक्त भारत का। शुभारंभ के मौके पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल के साथ विधायक भगवान सिंह कुशवाह, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, कार्यक्रम संयोजक शैलू पंडित और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि जिस ओर जवानी चलती है, उसी ओर जमाना चलता है। उन्होंने युवाओं को आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर अपने जीवन को अनुशासित, ऊर्जावान और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित करें। मौर्य ने कहा कि भारत आज विश्व पटल पर आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई सांसद खेल स्पर्धा, फिट इंडिया, खेलो इंडिया और योग दिवस जैसी पहलें युवाओं को सशक्त और अनुशासित बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं।

मौर्य ने आगामी नवरात्र के संदर्भ में कहा कि जब पूरा देश शक्ति की पूजा करेगा, तब युवाओं को भी अपनी आंतरिक शक्ति को पहचानना होगा। खेल, व्यायाम और अनुशासन से ही युवा शक्तिशाली बनेंगे और राष्ट्र को विकसित भारत की ओर ले जाएंगे। उन्होंने उपस्थित युवाओं से नशामुक्त भारत का संकल्प लेने का आह्वान किया।

केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल ने अपने संबोधन में युवाओं को नशे की पहली डोज से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पहली डोज कभी अंतिम नहीं होती, बल्कि वह युवाओं को लत की ओर धकेल देती है। बघेल ने युवाओं से बुरी संगति से दूर रहने और सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

मैराथन में शामिल युवाओं ने एक स्वर में नारा बुलंद किया- नशा छोड़ो, भारत जोड़ो। स्टेडियम से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से निकली इस मैराथन में युवाओं का उत्साह देखने लायक था।

SP_Singh AURGURU Editor