नेशनल चैंबर ने आगरा के औद्योगिक भविष्य पर मंत्री संग वीडियो कॊन्फ्रेंसिंग से किया मंथन  

आगरा। आगरा के उद्योगों को टीटीजेड (ताज ट्रैपेजियम ज़ोन) की सख्त शर्तों से राहत दिलाने और नई औद्योगिक संभावनाओं को गति देने के उद्देश्य से आज चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, आगरा ने उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री माननीय श्री राकेश सचान से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण संवाद किया।

Jul 16, 2025 - 20:15
 0
नेशनल चैंबर ने आगरा के औद्योगिक भविष्य पर मंत्री संग वीडियो कॊन्फ्रेंसिंग से किया मंथन   
एमएसएमई मंत्री राकेश सचान के साथ वीडियो कॊन्फ्रेंसिंग से हुई बैठक में मौजूद चैंबर अध्यक्ष संजय गोयल एवं अन्य पदाधिकारी।

Agra News, Industrial Expansion,Government Advocate,Policy Reform,Infrastructure Development, MSME Growth,

#AgraIndustrialVoice

#TTZReformDemand

#UPMSMEProgress

टीटीजेड की बंदिशें बनीं उद्योगों के विकास में बाधा

चैम्बर अध्यक्ष श्री संजय गोयल की अध्यक्षता में हुई इस वर्चुअल बैठक में सबसे प्रमुख विषय टीटीजेड क्षेत्र में उद्योगों के विस्तारीकरण और नई इकाइयों की स्थापना पर लगे प्रतिबंध रहे। चैम्बर ने सुझाव दिया कि उद्योगों की सुरक्षा और न्याय के लिए सरकार को एक सरकारी अधिवक्ता (गवर्नमेंट काउंसिल) की नियुक्ति करनी चाहिए जो कानूनी स्तर पर उद्योगों की पक्षधरता कर सके।

‘एक जनपद एक उत्पाद’ में चांदी, कालीन और इंजीनियरिंग को जोड़ने की मांग

चैम्बर द्वारा आगरा के पारंपरिक एवं नव विकसित उत्पादों को 'एक जनपद एक उत्पाद' योजना में सम्मिलित करने की मांग की गई। खासकर चांदी के आभूषण, कालीन उद्योग और इंजीनियरिंग उत्पाद को इस योजना में जोड़कर उन्हें वैश्विक बाज़ार में बढ़ावा देने का अनुरोध किया गया।

जूता उद्योग को संजीवनी: व्होलसेलर मीट और लैदर पार्क की आवश्यकता

आगरा के प्रमुख जूता उद्योग को प्रोत्साहन देने हेतु शहर में एक व्होलसेलर मीट (थोक विक्रेता सम्मेलन) आयोजित करने का सुझाव दिया गया। साथ ही, लंबे समय से लंबित लैदर पार्क योजना को शीघ्र प्रारंभ करने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।

औद्योगिक भूखंडों का फ्रीहोल्डकरण और आईटी सिटी स्थापना पर भी चर्चा

चैम्बर ने लीजहोल्ड भूखंडों को फ्रीहोल्ड करने की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने की मांग करते हुए आईटी सिटी स्थापना की दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता को रेखांकित किया। इससे आगरा के युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर मिल सकेंगे।

यूपीसीडा के मेंटनेंस चार्ज में कमी और एमएसएमई योजनाओं की जानकारी

चैम्बर ने यूपीसीडा द्वारा वसूले जा रहे मेंटेनेंस चार्ज को अत्यधिक बताते हुए इसे युक्तिसंगत बनाए जाने की मांग रखी। साथ ही, राज्य सरकार द्वारा एमएसएमई सेक्टर के लिए लाई जा रही प्रस्तावित योजनाओं की स्पष्ट जानकारी और समयबद्ध क्रियान्वयन की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।

मंत्री ने दी शीघ्र बैठक की सहमति

माननीय मंत्री श्री राकेश सचान ने चैम्बर की ओर से उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और शीघ्र ही लखनऊ अथवा आगरा में बैठक आयोजित करने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने सभी सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बैठक में मौजूद रहे ये प्रतिनिधिगण

बैठक में अध्यक्ष संजय गोयल, उपाध्यक्ष संजय कुमार गोयल व विवेक जैन, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, नरेंद्र तनेजा, अम्बा प्रसाद गर्ग, के.सी. जैन, हरिओम अग्रवाल, अशोक गोयल, विपिन गुप्ता, दिलीप गुप्ता, मनोज गर्ग, संजय अरोरा सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor