लखनऊ, मेरठ और कानपुर में होंगे राष्ट्रीय एक्सपो, उद्योगों को नई ऊर्जा देगा आईआईए का रोडमैप
उत्तर प्रदेश को औद्योगिक गतिविधियों का राष्ट्रीय केंद्र बनाने की दिशा में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) ने बड़ा कदम उठाया है। आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने घोषणा की है कि लखनऊ, मेरठ और कानपुर में तीन बड़े राष्ट्रीय स्तर के एक्सपो आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य उद्योगों को नई दिशा, तकनीक और बाजार उपलब्ध कराना है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता को निर्णायक नहीं, बल्कि केवल सहायक की भूमिका में ही इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
-रमेश कुमार सिंह-
बरेली। चार्टर्ड अकाउंटेंट्स इंस्टिट्यूट (आईसीएआई) के एग्जीक्यूटिव क्लब में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने यह महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि आईआईए आगामी महीनों में तीन राष्ट्रीय स्तर के एक्सपो आयोजित करने जा रही है।
पहला इंडिया फूड एक्सपो 16 से 18 जनवरी तक लखनऊ के रेगालिया ग्रीन्स में आयोजित होगा। दूसरा इंडिया सोलर एवं ई-व्हीकल एक्सपो 21 से 23 फरवरी तक आईआईए भवन कॉम्प्लेक्स, मोहकमपुर औद्योगिक क्षेत्र, मेरठ में होगा। इसके अलावा यूपी डिफेंस एक्सपो कानपुर में आयोजित किया जाएगा, जिससे रक्षा उत्पादन और सहायक उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।
दिनेश गोयल ने बरेली चैप्टर की सराहना करते हुए कहा कि उद्यमी रत्न सम्मान की परंपरा लंबे समय से उद्यमियों को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित कर रही है। उन्होंने आईआईए और एमआरएमएस के बीच हुए एमओयू की भी प्रशंसा की और कहा कि इससे छात्रों और उद्यमियों दोनों को व्यापक लाभ मिलेगा। उन्होंने आगामी एक्सपो में अधिक से अधिक उद्यमियों को स्टॉल लगाने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर स्पष्ट दृष्टिकोण रखते हुए कहा कि एआई एक सशक्त टूल है, लेकिन इसमें मौलिक सोच का अभाव है। इसलिए पेशेवरों को अपनी बुद्धि, अनुभव और विवेक को एआई से ऊपर रखना होगा। एआई को केवल सहायक और संदर्भ के रूप में ही प्रयोग करना चाहिए।
सम्मेलन के दूसरे दिन सीए उत्तम मोदी ने चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के अभ्यास में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के युग और इसके उत्तरदायी उपयोग पर व्याख्यान दिया। वहीं सीए अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि एआई का उपयोग केवल अकाउंटिंग और टैक्सेशन तक सीमित नहीं है, बल्कि आर्मी, एयरोस्पेस और तकनीकी क्षेत्रों में भी हो रहा है, ऐसे में इसके जिम्मेदार उपयोग पर गंभीर चर्चा आवश्यक है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों के साथ पूरी तरह खड़ी है। उत्तर प्रदेश माफिया मुक्त है, वन विंडो स्कीम लागू है और जहां चाहें उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘स्वदेशी’ संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उद्यमी व समाजसेवी सुदीप राजगढ़िया को बरेली उद्यमी रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया, जबकि युवा उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए संदीप तिवारी को युवा उद्यमी पुरस्कार प्रदान किया गया। आईआईए बरेली चैप्टर के चेयरमैन मयूर धौरवानी ने उद्योगों और छात्रों के बीच सहयोग को भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
सम्मेलन में मानुष पारीक एसपी सिटी, मंसूर कटियार, प्रदेश अध्यक्ष रवीश अग्रवाल सहित कई विशिष्ट व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। देर रात तक नववर्ष 2026 के स्वागत में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम चलता रहा, जिसमें लगभग 200 उद्यमियों ने भाग लिया।