एमईएस बिल्डर्स का देशव्यापी आंदोलन शुरू, 80 शाखाओं के 8 हजार सदस्य मैदान में, समाधान नहीं मिला तो कार्य बहिष्कार की चेतावनी, आगरा में भी ज्ञापन सौंपा गया
आगरा। वर्षों से लंबित नीतिगत समस्याओं और पुराने नियमों में संशोधन की मांग को लेकर एमईएस बिल्डर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने बुधवार से देशव्यापी चरणबद्ध आंदोलन का आगाज कर दिया। देशभर की 80 से अधिक शाखाओं के लगभग 8,000 सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों के मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज (एमईएस) कार्यालयों में ज्ञापन सौंपकर सरकार और रक्षा मंत्रालय का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित कर रहे हैं।
आगरा में आंदोलन की शुरुआत सदर स्थित सीडब्ल्यूई आगरा एवं सीडब्ल्यूई खेरिया आगरा कार्यालय से हुई, जहां एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने कर्नल अनुष कोशी को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर देशभर में कार्य बहिष्कार भी किया जा सकता है।
पुराने नियमों से निर्माण कार्यों में आ रही दिक्कतें
एसोसिएशन का कहना है कि एमईएस निर्माण कार्यों से जुड़े कई नियम दशकों पुराने हैं और वर्तमान तकनीकी आवश्यकताओं तथा व्यावहारिक परिस्थितियों के अनुरूप उनमें बदलाव नहीं किया गया है। इसका सीधा असर निर्माण कार्यों की गति और गुणवत्ता पर पड़ रहा है तथा ठेकेदारों और बिल्डर्स को प्रशासनिक एवं तकनीकी स्तर पर अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
कई बार उठाया मुद्दा, नहीं मिला समाधान
एसोसिएशन के अनुसार, इन समस्याओं को लेकर रक्षा मंत्रालय और एमईएस के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष कई बार ज्ञापन दिए गए और लगातार पत्राचार भी किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। इसी के चलते संगठन ने चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले- टकराव नहीं, समाधान चाहते हैं
एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीएस मग्गो ने कहा कि एमईएस बिल्डर्स वर्षों से निर्माण कार्यों से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं और पुराने नियमों में संशोधन की मांग कर रहे हैं। रक्षा मंत्री सहित शीर्ष अधिकारियों से कई बार मुलाकात और पत्राचार के बावजूद कोई सार्थक परिणाम सामने नहीं आया। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य टकराव नहीं, बल्कि व्यवस्था को अधिक व्यावहारिक, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और संबंधित विभाग ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और व्यापक किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर देशभर के बिल्डर्स कार्य बहिष्कार जैसे कठोर कदम उठाने के लिए भी बाध्य होंगे।
पहले चरण में देशभर में सौंपे जा रहे ज्ञापन
एसोसिएशन के महासचिव संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि आंदोलन की विस्तृत रूपरेखा पहले ही तैयार कर ली गई है। प्रथम चरण में देशभर के एमईएस कार्यालयों में ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। इसके बाद विभिन्न संचार माध्यमों से सरकार और संबंधित विभागों तक संगठन की मांगें पहुंचाई जाएंगी। यदि इसके बाद भी समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन के अगले चरण की घोषणा की जाएगी।
आंदोलन के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष जीएस मग्गो, चेयरमैन सीएम सक्सेना, सेक्रेटरी एके उपाध्याय, काउंसिल सदस्य विनीत गुप्ता, दिनेश अग्रवाल, जेजे सिंह, तपन माखीजा, एसएम सक्सेना, प्रभात अग्रवाल, अमीन खान, राजीव सोलंकी, राकेश चौधरी, जगदीश अरोड़ा, किशोर हीरा, मोहित कक्कड़ सहित बड़ी संख्या में एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे।