तीसरे वनडे में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को चटाई धूल, सीरीज पर कब्जा

  भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला विशाखापत्तनम में खेला गया। इस मैच में भारत ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से धूल चटाई।  

Dec 6, 2025 - 22:15
 0
तीसरे वनडे में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को चटाई धूल, सीरीज पर कब्जा


विशाखापत्तनम। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीसरा वनडे विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। यह मैच भारत ने 9 विकेट से अपने नाम कर लिया। इसी के साथ भारत ने 2-1 से वनडे सीरीज भी अपने नाम कर ली। वनडे सीरीज से पहले खेली गई 2 मैच की टेस्ट सीरीज में साउथ अफ्रीका ने भारत को 2-0 से हरा दिया था।

इसके बाद अब रोहित शर्मा और विराट कोहली की शानदार बैटिंग के चलते भारत ने साउथ अफ्रीका से वनडे में बदला लिया है। निर्णायक मुकाबले में मेहमान टीम को चारों खाने चित कर दिया है। हालांकि, यशस्वी जायसवास को नहीं भूलना चाहिए, जिन्होंने अपना पहला वनडे शतक ठोका। जायसवाल 116 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और 2 छक्के भी लगाए।  

तीसरे वनडे में भी विराट कोहली और रोहित शर्मा ने शानदार बैटिंग की और फिफ्टी जड़कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। साउथ अफ्रीका ने भारत को 271 रन का टारगेट दिया था। जो टीम इंडिया ने 9 विकेट हाथ में रहते हुए 39.5 ओवर में चेज कर लिया। रोहित 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 75 रन बनाकर आउट हुए। वहीं विराट कोहली 65 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 3 छक्के लगाए। साउथ अफ्रीका के लिए एकमात्र विकेट केशव महाराज ने लिया।

भारतीय टीम के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। ऐसे में साउथ अफ्रीका पहले बैटिंग करते हुए 47.5 ओवर में 270 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। क्विंटन डिकॉक ने 106 रन की शानदार पारी खेली। कप्तान टेम्बा बावुमा 48 रन बनाकर आउट हुए। डेवाल्ड ब्रेविस (29), मैथ्यू ब्रीट्जके (24) और केशव महाराज (20*) ही डिकॉक और बावुमा के अलावा ऐसे बल्लेबाज थे, जो डबल डिजिट स्कोर तक पहुंचे। भारत के लिए 4-4 विकेट कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा ने लिए। 1-1 विकेट अर्शदीप सिंह और रविंद्र जडेजा को भी मिला।