कोहरे में लापरवाही पड़ेगी भारी: आगरा ट्रैफिक पुलिस का सख्त अलर्ट, नियम तोड़ने वालों पर कसेगा शिकंजा

आगरा। आगरा में लगातार बढ़ रहे कोहरे और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। गुरुवार को पुलिस उपायुक्त यातायात, आगरा सोनम कुमार के निर्देशन में एसीपी अछनेरा एवं एसीपी खेरागढ़ द्वारा सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना रोकथाम को लेकर एक अहम समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। इस बैठक में थाना प्रभारी अछनेरा, थाना प्रभारी खेरागढ़ तथा सीसी टीम ने भाग लिया। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की गहन समीक्षा करना और उन्हें प्रभावी ढंग से रोकने की रणनीति तैयार करना रहा।

Dec 18, 2025 - 18:49
 0
कोहरे में लापरवाही पड़ेगी भारी: आगरा ट्रैफिक पुलिस का सख्त अलर्ट, नियम तोड़ने वालों पर कसेगा शिकंजा
यातायात प्रबंधन को लेकर मीटिंग करते पुलिस अधिकारी।

डीसीपी ट्रैफिक के निर्देशन में सड़क सुरक्षा पर मंथन

आगरा। आगरा में लगातार बढ़ रहे कोहरे और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। गुरुवार को पुलिस उपायुक्त यातायात, आगरा सोनम कुमार के निर्देशन में एसीपी अछनेरा एवं एसीपी खेरागढ़ द्वारा सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना रोकथाम को लेकर एक अहम समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। इस बैठक में थाना प्रभारी अछनेरा, थाना प्रभारी खेरागढ़ तथा सीसी टीम ने भाग लिया। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की गहन समीक्षा करना और उन्हें प्रभावी ढंग से रोकने की रणनीति तैयार करना रहा।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कोहरे के कारण दृश्यता कम हो जाती है, ऐसे में वाहन चालकों को कम गति में वाहन चलाने, फॉग लाइट का सही उपयोग, हाई बीम लाइट से परहेज और वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

इसके साथ ही दुर्घटना संभावित स्थलों, हाईवे और मुख्य मार्गों पर पेट्रोलिंग बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरों की सक्रिय निगरानी, ओवरस्पीडिंग, गलत लेन परिवर्तन, तीन सवारी और यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस ने यह भी निर्णय लिया कि सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी व व्यापक बनाया जाएगा, ताकि आम नागरिक स्वयं भी सुरक्षित यातायात के प्रति जिम्मेदार बनें।

गोष्ठी में मौजूद थाना प्रभारियों एवं सीसी टीम के सदस्यों ने अपने सुझाव साझा किए और पुलिस प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, जल्दबाजी से बचें और अपनी तथा दूसरों की जान की सुरक्षा को सर्वोपरि रखें। थोड़ी सी सावधानी, एक बड़ी दुर्घटना को रोक सकती है।