नेपाली राष्ट्रपति का भी इस्तीफा, नई सरकार की कवायद तेज
काठमांडू। नेपाल के पीएम केपी शर्मा ओली के बाद राष्ट्रपति राम चंद्र पौडयाल ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही नेपाल में नई सरकार की कवायद भी तेज हो गई है। नेपाल में जेन-ज़ी प्रदर्शनकारी लगातार दूसरे दिन भी बड़े पैमाने पर प्रदर्शन कर रहे हैं। नेपाली सेना प्रमुख की चेतावनी के बाद ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। नेपाल के 10 से ज्यादा मंत्रियों ने पहले ही इस्तीफा दे दिया था। नेपाल के संचार, सूचना और प्रसारण मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग ने देर रात घोषणा की कि सोशल मीडिया साइटों पर प्रतिबंध लगान का फैसला वापस ले लिया गया है।
नेपाली राष्ट्रपति को सेना ने सुरक्षित निकाला
नेपाल में भारी हिंसा के बीच राष्ट्रपति राम चंद्र पौडयाल को नेपाली सेना ने सुरक्षित निकाल लिया है। नेपाल के राष्ट्रपति को शिवपुरी ले जाया गया है जहां सेना का ट्रेनिंग सेंटर है। इससे पहले नेपाली सेना ने केपी ओली को भी हेलिकॉप्टर से निकाला था। नेपाल में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति और पीएम ओली के घर को जला दिया था। अब तक इस प्रदर्शन में 22 लोग मारे गए हैं।
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री झालानाथ खनल की पत्नी की मौत
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री झालानाथ खनल की पत्नी राज्यलक्ष्मी चित्रकार की उनके घर में आग लगने से मौत हो गई। यह घटना दल्लू स्थित उनके आवास पर हुई, जहां कथित तौर पर प्रदर्शनकारियों ने उन्हें घर के अंदर बंद कर आग लगा दी थी। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उन्हें गंभीर हालत में कीर्तिपुर बर्न अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से हताहतों की बढ़ती संख्या में इजाफा हुआ है और देशव्यापी जेन-जी प्रदर्शनों के हिंसक रूप लेने की चिंताएं बढ़ गई हैं।
भारत सरकार ने नेपाल में भारतीयों के लिए जारी की एडवाइजरी
नेपाल में भारी हिंसा के बाद पीएम केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद भी नेपाल में हिंसा जारी है। इस बीच भारत सरकार ने नेपाल में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। भारत सरकार ने कहा कि भारतीय नागरिक हालात सुधरने तक नेपाल की यात्रा से बचें। नेपाल में मौजूद भारतीय नागरिकों से कहा गया है कि वे सुरक्षित स्थान पर रहें और सड़क पर जाने से बचें। हर तरह की सावधानी बरतें।
नेपाल में 2 और प्रदर्शनकारियों की मौत, बालेन शाह ने की अपील
नेपाल में जारी हिंसा में 2 और प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि राजधानी काठमांडू के कालीमाटी इलाके में पुलिस के फायरिंग में 2 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही नेपाल में प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या 22 तक पहुंच गई है। इस बीच नेपाल के भावी पीएम बताए जा रहे बालेन शाह ने जेन-जी प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि वे संयम बरतें और शांति से काम लें।
भारत नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, उड़ानें लौटाई गईं
नेपाल में पीएम केपी शर्मा ओली के इस्तीफे के बाद भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। यूपी, बिहार और पश्चिम बंगाल सीमा पर अलर्ट घोषित किया गया है। इस बीच भारत से नेपाल जाने वाली उड़ानों को अब लखनऊ के लिए डायवर्ट किया गया है। काठमांडू एयरपोर्ट पर हवाई सेवा को रोक दिया गया है। सेना ओली को हेलिकॉप्टर से किसी सुरक्षित स्थान पर ले गई है।
नेपाली सेना की सुरक्षा में ओली, चलेगा हत्या का मुकदमा?
नेपाल में पीएम केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा भले ही दे दिया है लेकिन उनकी मुश्किलें खत्म नहीं होने जा रही हैं। प्रदर्शनकारी मांग कर रहे हैं कि केपी ओली पर हत्या का मुकदमा चलाया जाए। इस बीच नेपाली सेना ने केपी ओली को अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया है ताकि प्रदर्शनकारी उन पर हमला नहीं कर सकें। इस बीच प्रदर्शकारियों ने नेपाली संसद को फूंक दिया है।
नेपाल के कई नेता देश छोड़कर भागे
नेपाल में हिंसक प्रदर्शनों के बाद पीएम केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस बीच एक दर्जन से ज्यादा हेलिकॉप्टरों ने त्रिभुवन एयरपोर्ट से उड़ान भरी है। माना जा रहा है कि बड़ी संख्या में ओली समर्थक नेता देश छोड़कर भाग गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट के रास्ते में आग लगा दें ताकि ये नेता देश छोड़कर भाग न सकें। एयरपोर्ट पर कई विमान उतर नहीं पा रहे हैं।