दिल्ली में 9-ए, कोटला रोड कांग्रेस का नया पता, मुख्यालय का हुआ उद्घाटन  

नई दिल्ली। देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी का नया पता अब 9ए-कोटला रोड, नई दिल्ली होगा। 139 साल पुरानी कांग्रेस पार्टी को अपना खुद का दफ्तर मिल गया है। हाईटेक सुविधाओं से लैस कांग्रेस के नए मुख्यालय का उद्घाटन बुधवार को एक समारोह में कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस मौके पर पार्टी के मुख्यालय पर झंडा फहराया।

Jan 15, 2025 - 16:01
 0
दिल्ली में 9-ए, कोटला रोड कांग्रेस का नया पता, मुख्यालय का हुआ उद्घाटन   
दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय का बुधवार को उद्घाटन करतीं कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी। साथ हैं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे। नेता विपक्ष राहुल गांधी।

कांग्रेस मुख्यालय अभी तक 24, अकबर रोड से संचालित था। यह एक सरकारी बंगला था, जिसमें पार्टी अपना दफ्तर चला रही थी। वर्ष 2009 में जब कांग्रेस केंद्र की सरकार में थी, तब उसने पार्टी का खुद का दफ्तर बनाने की सोची थी। 9ए, कोटला रोड पर जगह चयनित की गई थी। तब की कांग्रेस अध्य़क्ष रहीं सोनिया गांधी ने पार्टी मुख्यालय के भवन निर्माण का शिलान्यास किया था। 

कांग्रेस के इतिहास में पार्टी का दफ्तर कई बार बदलता रहा। पहले कांग्रेस का ऒफिस जंतर मंतर रोड पर संचालित था जो पार्टी के दोफाड़ होने के कारण उसके साथ से निकलकर दूसरे धड़े के हाथ में चला गया। इसके बाद कुछ समय पार्टी का दफ्तर राजेंद्र प्रसाद रोड की एक बिल्डिंग से संचालित हुआ। वर्ष 1978 से यह 24, अकबर रोड से संचालित हो रहा था।

इससे पहले भाजपा अपना हाईटेक दफ्तर बना चुकी है। भाजपा का आलीशान दफ्तर तैयार होने के बाद कांग्रेस ने भी अपने खुद के मुख्यालय बिल्डिंग बनाने के काम को तेज किया और यह न केवल तैयार हो गया अपितु इसमें पार्टी दफ्तर शिफ्ट भी हो गया है।

SP_Singh AURGURU Editor