न्यू आगरा पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गैंग के तीन सदस्य दबोचे, चोरी की चार मोटर साइकिल और एक ऒटो बरामद

आगरा में अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का बड़ा खुलासा करते हुए थाना न्यू आगरा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 4 मोटरसाइकिल और 1 ऑटो बरामद किया है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी राजस्थान तक से वाहन चोरी कर लाते थे और नंबर प्लेट बदलकर उनकी पहचान मिटा देते थे।

Mar 31, 2026 - 17:32
 0
न्यू आगरा पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गैंग के तीन सदस्य दबोचे, चोरी की चार मोटर साइकिल और एक ऒटो बरामद
न्यू आगरा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये वाहन चोर गैंग के तीनों सदस्य।

आगरा। थाना न्यू आगरा क्षेत्र में सक्रिय अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गैंग पर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर श्मशान घाट के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में रितिक गोस्वामी पुत्र भरत निवासी भरद्वाल थाना कोतवाली, मैनपुरी-हाल निवासी दहतोरा मोड़ आगरा, विक्की परमार पुत्र अतर सिंह निवासी सासनी, कोटला चुंगी रोड फिरोजाबाद, और राजा शर्मा पुत्र सतीश चंद शर्मा निवासी सेक्टर 11, आवास विकास कॊलोनी आगरा हैं।

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने 4 चोरी की मोटरसाइकिल और 1 ऑटो बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वे उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि राजस्थान से भी वाहन चोरी कर लाते थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी के बाद वाहनों की नंबर प्लेट हटाकर या बदलकर उनकी पहचान पूरी तरह मिटा देते थे, जिससे पुलिस को ट्रैक करना मुश्किल हो जाए। इसके बाद ये वाहन आगरा और आसपास के क्षेत्रों, खासकर खंदौली इलाके में बेचने की फिराक में रहते थे।

बताया जा रहा है कि आरोपी इस बार भी चोरी के वाहनों को खंदौली में खपाने की योजना बना रहे थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। इस पूरे ऑपरेशन में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मुखबिर तंत्र की अहम भूमिका रही।

थाना न्यू आगरा में पहले से दर्ज दो मुकदमों के आधार पर पुलिस ने इस गैंग का खुलासा किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor