आगरा में चिकित्सा शिक्षा का नया अध्याय, एसएन मेडिकल कॉलेज में लाइव ईएनटी सर्जरी
सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज, आगरा के ईएनटी विभाग में 7 फरवरी 2026 को सेप्टोराइनोप्लास्टी विषय पर सफल लाइव सर्जिकल प्रदर्शन आयोजित किया गया। इसमें दो सर्जरीज़ का लाइव टेलीकास्ट हुआ और एलर्जी व एंडोस्कोपिक साइनस सर्जरी पर अंतर्राष्ट्रीय व्याख्यान भी दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी अस्पताल में जटिल सर्जरी को आमजन के लिए सुलभ बनाना और चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करना रहा।
सरकारी अस्पताल में आधुनिक सर्जरी की नई पहल, एलर्जी व सांस संबंधी रोगों पर रहा विशेष फोकस
आगरा। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज, आगरा के ईएनटी विभाग में शनिवार को एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय उपलब्धि दर्ज की गई। विभाग द्वारा सेप्टोराइनोप्लास्टी विषय पर एक सफल लाइव सर्जिकल प्रदर्शन का आयोजन किया गया, जिसमें देश के प्रतिष्ठित ईएनटी विशेषज्ञों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के आयोजन सचिव प्रोफेसर डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सेप्टोराइनोप्लास्टी ऐसी शल्य प्रक्रिया है, जिसमें नाक के सेप्टम (आंतरिक हड्डी) और नाक की संरचना को सुधारा जाता है। इस सर्जरी के माध्यम से सांस लेने में होने वाली परेशानी दूर होती है। नाक की आकृति में सुधार किया जा सकता है। मरीज के आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है।
सर्जरी के दौरान नाक के अंदर छोटे चीरे लगाकर सेप्टम और संबंधित संरचनाओं को ठीक किया जाता है। सर्जरी के बाद कुछ दिनों तक सूजन व हल्का दर्द संभव होता है, जो सामान्यतः शीघ्र ठीक हो जाता है।
दिल्ली और देहरादून से पहुंचे अतिथि सर्जन
इस लाइव सर्जिकल डेमोंस्ट्रेशन में डॉ. अर्पित अग्रवाल (दिल्ली), डॉ. शरद हेरनॉट (देहरादून) ने अतिथि सर्जन के रूप में भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के दौरान दो सर्जरीज़ का सफलतापूर्वक लाइव प्रदर्शन किया गया, जिसका सीधा प्रसारण सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक किया गया।
लाइव टेलीकास्ट के जरिए व्यापक सहभागिता
लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से बेसिक तकनीकों, न्यूनतम उपकरणों का उपयोग कर सर्जरी को प्रदर्शित किया गया, जिससे यह संदेश दिया गया कि यह शल्य प्रक्रिया सरकारी अस्पतालों में भी आसानी से की जा सकती है। दोनों मरीजों की हालत स्थिर है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में वार्ड में रखा गया है।
एलर्जी और एंडोस्कोपिक साइनस सर्जरी पर अंतर्राष्ट्रीय व्याख्यान
कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय फैकल्टी द्वारा एलर्जी एवं एंडोस्कोपिक साइनस सर्जरी पर विशेष व्याख्यान का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिससे प्रतिभागी चिकित्सकों को वैश्विक अनुभव से रूबरू होने का अवसर मिला।
इस दौरान आयोजन समिति के प्रो. डॉ. रितु गुप्ता (एचओडी), डॉ. अखिल प्रताप सिंह, डॉ. सलोनी सिंह, डॉ. सौम्यता नीरज, डॉ. दीपा, डॉ. आज़म, डॉ. अरमान, डॉ. लहरी, डॉ. राकेश, एनेस्थीसिया विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. योगिता द्विवेदी के नेतृत्व में डॉ. अमृता गुप्ता, डॉ. दीपिका चौबे, डॉ. विनीता लिप्टन, डॉ. अखिल, डॉ. जयदीप, डॉ. आकाश, डॉ. हेमंत, एओआई आगरा के वरिष्ठ सदस्य अध्यक्ष डॉ. वी. पी. गुप्ता, डॉ. विक्रांत सिंघल, डॉ. ए. के. मिश्रा, डॉ. राजत कपूर, डॉ. प्रशांत जैन, डॉ. बी. एस. बघेल आदि मौजूद रहे।
प्राचार्य का संदेश
एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज का उद्देश्य है कि अत्याधुनिक एवं जटिल शल्य प्रक्रियाएं सरकारी अस्पताल में ही उपलब्ध कराई जाएं, ताकि समाज के हर वर्ग को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ हो सकें। इस प्रकार के लाइव सर्जिकल डेमोंस्ट्रेशन चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा देते हैं और चिकित्सकों के कौशल को निखारते हैं।