आगरा नगर निगम में नई ताकत की एंट्री: दस मनोनीत पार्षदों ने ली शपथ, मेयर ने कहा- विकास को रफ्तार मिलेगी
आगरा नगर निगम में 10 मनोनीत पार्षदों के शपथ ग्रहण के साथ सदन और मजबूत हो गया है, जिससे शहर के विकास, स्वच्छता और जनसमस्याओं के समाधान को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
आगरा। नगर निगम आगरा में शासन द्वारा मनोनीत पार्षदों के शपथ ग्रहण के साथ ही शहर के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को नगर निगम सदन कक्ष में आयोजित गरिमामयी समारोह में प्रमुख रूप से अमित अग्रवाल पारुल सहित 10 मनोनीत पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने सभी नव-मनोनित पार्षदों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर नगर निगम सदन को विशेष रूप से सजाया गया और प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें तैनात रहीं।
शपथ लेने वालों में संजय राय, अमित अग्रवाल पारुल, सुषमा जैन, जितेंद्र सविता, सुनील कर्मचंदानी, पंकज सिकरवार, धर्मवीर सिंह सिकरवार, नितीश भारद्वाज, हरिओम बघेल एवं राहुल वाल्मीकि शामिल रहे।
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने कहा, मनोनीत पार्षदों के जुड़ने से सदन की ताकत बढ़ी है। इनकी भागीदारी से शहर की जनसमस्याओं के निस्तारण में तेजी आएगी और विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी। सभी पार्षद मिलकर आगरा को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि शपथ ग्रहण के साथ ही सभी पार्षद आधिकारिक रूप से सदन का हिस्सा बन गए हैं और अब वे नगर निगम की कार्यप्रणाली में सक्रिय योगदान देंगे।