कर्मचारी एकता का नया संकल्प: सुभाष बघेल बने आगरा जिला अध्यक्ष, अजय शर्मा मंत्री निर्वाचित

आगरा। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, जनपद शाखा का द्विवार्षिक अधिवेशन रविवार को फतेहाबाद रोड स्थित पर्ल्स रिसोर्ट में आयोजित किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के चीफ फार्मासिस्ट सुभाष बघेल को सर्वसम्मति से जिला अध्यक्ष चुना गया। वहीं, अजय शर्मा को मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम में कर्मचारी एकता और अधिकारों को लेकर दृढ़ता से स्वर उठे।

May 9, 2025 - 22:30
 0
कर्मचारी एकता का नया संकल्प: सुभाष बघेल बने आगरा जिला अध्यक्ष, अजय शर्मा मंत्री निर्वाचित
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के चुनाव में निर्वाचित अध्यक्ष सुभाष बघेल और मंत्री अजय शर्मा।

अधिवेशन का उद्घाटन अपर जिलाधिकारी अनूप कुमार और सीएमओ डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया।

प्रदेश अध्यक्ष सुरेश रावत और महामंत्री अतुल मिश्रा ने कर्मचारियों को उनके अधिकारों के प्रति सजग रहने और एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि परिषद हमेशा कर्मचारियों के हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।

विभिन्न संवर्गों से उठीं आवाजें

डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन के डॉ. संदीप बडोला और डॉ. राजेन्द्र पटेल ने फार्मेसिस्ट संवर्ग की समस्याओं को प्रमुखता से रखा, वहीं यूटा प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राठौर ने शिक्षक वर्ग की ओर से पूर्ण समर्थन का भरोसा जताया।

कर्मचारियों की ऐतिहासिक भागीदारी

अधिवेशन में विभिन्न विभागों और संघों जैसे नर्सेज, रोडवेज, एक्सरे टेक्नीशियन, डेंटल, फॉरेस्ट, सिंचाई, लेखपाल, शिक्षक संगठनों आदि के प्रतिनिधियों की भारी उपस्थिति रही। सभी ने आगरा में कर्मचारी एकता की मिसाल को सराहा।

नवगठित जिला कार्यकारिणी

सुभाष बघेल – अध्यक्ष, अजय शर्मा – मंत्री, योगेन्द्र शर्मा – संगठन प्रमुख, विजय कसाना – चेयरमैन, संघर्ष समिति, आनन्द शर्मा – वरिष्ठ उपाध्यक्ष, आरएन शर्मा – उपाध्यक्ष, प्रवीन मिश्रा – संगठन मंत्री, मनकेश्वर शर्मा – संयुक्त मंत्री, सतीश त्यागी – कोषाध्यक्ष और भारत सिंह – सम्प्रेक्षक।

SP_Singh AURGURU Editor