रोटरी आगरा रॉयल की नई टीम ने संभाला कार्यभार, छात्रवृत्ति से पर्यावरण संरक्षण तक चलेंगे अभियान
आगरा। समाज सेवा, जनकल्याण और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के संकल्प के साथ रोटरी क्लब ऑफ आगरा रॉयल के सत्र 2026-27 की प्रथम उद्घाटन बैठक उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक में नए सत्र के पदाधिकारियों ने कार्यभार ग्रहण करते हुए वर्षभर चलाए जाने वाले सेवा कार्यों और सामाजिक परियोजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष रो मनोज बल, सचिव रो नीतू अग्रवाल और कोषाध्यक्ष रो रुचि अग्रवाल ने नए सत्र की जिम्मेदारियां संभालीं। इस अवसर पर अध्यक्ष रो मनोज बल ने कहा कि रोटरी क्लब ऑफ आगरा रॉयल का उद्देश्य केवल सेवा कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनाकर सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने सभी सदस्यों से सेवा परियोजनाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
बैठक में सत्र 2026-27 के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की गई। इनमें आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली बालिकाओं के लिए छात्रवृत्ति योजना, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण अभियान, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम प्रमुख हैं।
इसके अलावा समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षकों, महिला समाजसेवियों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने की योजनाएं भी तैयार की गईं।
सचिव रो नीतू अग्रवाल ने वर्षभर आयोजित होने वाले सेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सभी सदस्यों से अधिक से अधिक सहभागिता करने की अपील की। कोषाध्यक्ष रो रुचि अग्रवाल ने सभी योजनाओं के सफल और पारदर्शी संचालन का विश्वास व्यक्त किया।
पूर्व अध्यक्ष रो संगीता अग्रवाल ने बैठक के समापन पर सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष रो मीरा गुप्ता, रो रेखा अग्रवाल, रो डॉ. सुरभि गुप्ता मित्तल, रो डॉ. सरोज प्रशांत और रो डॉ. दीपशिखा गुप्ता सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि रोटरी क्लब ऑफ आगरा रॉयल सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को आगे बढ़ाते हुए समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य करेगा।