ईरान-इजराइल सीजफायर की खबर से शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 1000 और निफ्टी 300 अंक उछला
नई दिल्ली। ईरान और इजराइल के बीच युद्धविराम की खबरों के बीच भारतीय शेयर बाजार ने मंगलवार सुबह जबरदस्त तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत की। सेंसेक्स 1000 अंक से ज्यादा उछलकर 82,900 के पार चला गया, वहीं निफ्टी में भी 300 अंकों की तेजी आई और यह 25,280 के स्तर पर पहुंच गया।
यह उछाल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा कि ईरान और इजराइल के बीच युद्धविराम हो चुका है। इसी के बाद वैश्विक बाजारों में राहत का माहौल बना और कच्चे तेल की कीमतों में करीब 2 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई। ब्रेंट क्रूड अब $67.13 प्रति बैरल पर है, जो आयातक देशों के लिए राहत भरा संकेत है।
बाजार को सपोर्ट करने वाले अन्य कारकों में विदेशी निवेशकों की खरीदारी और डॉलर इंडेक्स में गिरावट भी शामिल है। रुपया डॉलर के मुकाबले मजबूत होकर 86.22 पर पहुंच गया है।
कारोबार की शुरुआत से ही तेल मार्केटिंग कंपनियों, एविएशन और पोर्ट सेक्टर में तेजी देखी जा रही है। अडानी पोर्ट्स, इंडिगो, बीपीसीएल, आईओसी जैसे शेयरों में 2–4% की बढ़त दर्ज हुई। वहीं कच्चे तेल की गिरावट का असर ऑयल प्रोड्यूसर्स जैसे ओएनजीसी और ऑयल इंडिया पर पड़ा और इनके शेयरों में 2–4% की कमजोरी आई।
विश्लेषकों के मुताबिक अगर पश्चिम एशिया में शांति बनी रहती है और कच्चे तेल की कीमतें नियंत्रण में रहती हैं, तो भारतीय बाजार में मिड-टर्म तेजी की संभावनाएं और मजबूत हो सकती हैं।