प्रियंका गांधी के बेटे रेहान की गर्लफ्रेंड अवीवा संग सगाई की खबरें,  जल्द शादी संभव

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की सगाई की खबर सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, रेहान वाड्रा ने सात साल से डेट कर रहे अवीवा बेग को हाल ही में प्रपोज किया। अवीवा ने इस रिश्ते को मंजूरी दे दी। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों ने इस रिश्ते को लेकर अपनी सहमति जता दी है। सूत्रों के अनुसार, अवीवा बेग और उनका परिवार दिल्ली का रहने वाला है।

Dec 30, 2025 - 11:21
 0
प्रियंका गांधी के बेटे रेहान की गर्लफ्रेंड अवीवा संग सगाई की खबरें,  जल्द शादी संभव


रेहान और अवीवा की शादी की तारीख को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि शादी से जुड़ा फैसला दोनों परिवार आपसी सहमति और सुविधा के अनुसार करेंगे।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी केरल की वायनाड लोकसभा सीट से सांसद हैं। उन्होंने उपचुनाव में जीत दर्ज की थी। चुनाव के दौरान दाखिल किए गए हलफनामे में उन्होंने अपनी और अपने पति रॉबर्ट वाड्रा की संपत्ति का ब्यौरा दिया था।

प्रियंका गांधी द्वारा पेश हलफनामे के अनुसार, रॉबर्ट वाड्रा की कुल संपत्ति 65.54 करोड़ रुपये है। इसमें 37.9 करोड़ रुपये की चल संपत्तियां और 27.64 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां शामिल हैं। इसके अलावा उनके नाम पर 10 करोड़ रुपये की देनदारियां भी दर्ज हैं। हलफनामे के मुताबिक, रॉबर्ट वाड्रा के पास 2.18 लाख रुपये नकद हैं। वहीं, अलग-अलग बैंकों में उनके करीब 50 लाख रुपये जमा हैं। इसके साथ ही उन्होंने कई लोन भी ले रखे हैं, जिनकी कुल राशि करीब 34 करोड़ रुपये बताई गई है।

रॉबर्ट वाड्रा को महंगी कारों और बाइक्स का शौक है। उनके पास कुल तीन वाहन हैं, जिनमें 53 लाख रुपये की टोयोटा लैंड क्रूजर भी शामिल है। रॉबर्ट वाड्रा पेशे से कारोबारी हैं। उनका हैंडीक्राफ्ट आइटम्स और कस्टम ज्वेलरी का कारोबार है। उनकी कंपनी का नाम ‘आर्टेक्स एक्सपोर्ट्स’ है। इसके अलावा वे रियल एस्टेट सेक्टर में भी सक्रिय हैं और कई अन्य कंपनियों में निवेश के जरिए उनकी भागीदारी है।

रेहान हमेशा लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते हैं। उनका जन्म 29 अगस्त 2000 को हुआ था। रेहान की एक छोटी बहन भी हैं, जिनका नाम मिराया वाड्रा है। दोनों भाई-बहन आमतौर पर सार्वजनिक मंचों से दूरी बनाए रखते हैं, लेकिन कुछ खास मौकों पर वे अपनी मां प्रियंका गांधी के साथ नजर आ जाते हैं।

रेहान वाड्रा का बचपन और पढ़ाई अलग-अलग शहरों में हुई है। उन्होंने शुरुआती शिक्षा दिल्ली से ली। इसके बाद उन्होंने देहरादून में भी पढ़ाई की। आगे की पढ़ाई के लिए रेहान लंदन चले गए, जहां उन्होंने एसओएएस यूनिवर्सिटी से अपनी डिग्री पूरी की। उनकी पढ़ाई का झुकाव कला और रचनात्मक विषयों की ओर रहा है। यही वजह है कि उन्होंने पारंपरिक नौकरी या राजनीति का रास्ता नहीं चुना।

पढ़ाई पूरी करने के बाद रेहान वाड्रा ने कला के क्षेत्र में कदम रखा। वह पेशे से एक इंस्टॉलेशन और विजुअल आर्टिस्ट हैं। उन्हें रंगों, आकृतियों और तस्वीरों के जरिए अपनी बात कहने में रुचि है। रेहान को वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी का भी खास शौक है। वह अक्सर प्रकृति, जानवरों और खुले वातावरण की तस्वीरें खींचते हैं। इसके अलावा उन्हें पेंटिंग और वीडियो शूटिंग में भी दिलचस्पी है। रेहान अब तक अपनी पेंटिंग्स और आर्ट वर्क की कई प्रदर्शनी भी लगा चुके हैं। उनकी कला में प्रकृति, समाज और व्यक्तिगत भावनाओं की झलक देखने को मिलती है।