निबोहरा पुलिस की कार्रवाई, दस किलो से अधिक गांजे के साथ महिला-पुरुष गिरफ्तार
आगरा। थाना निबोहरा पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ग्राम मझारा से तेवरिया, शमसाबाद की ओर जाने वाले मार्ग पर तेंगुरिया कोल्ड स्टोरेज के पास की गई। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के कब्जे से 10 किलोग्राम 237 ग्राम अवैध गांजा, एक मोटर साइकिल तथा 5100 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए पुरुष अभियुक्त की पहचान अनिल कुमार पुत्र किशन सिंह निवासी ग्राम मझारा, थाना शमसाबाद के रूप में हुई है, जबकि उसके साथ एक महिला अभियुक्ता को भी मौके से दबोचा गया। चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर पुलिस ने दोनों को रोका, तलाशी लेने पर भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और उनकी मोटर साइकिल को भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त अनिल कुमार का आपराधिक इतिहास पहले से मौजूद है। उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कुल तीन मुकदमे पूर्व में दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि अभियुक्त नशा तस्करी के संगठित नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जिसको लेकर आगे की जांच की जा रही है।
थाना निबोहरा पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।