जयकारों से गूंजा के छीपीटोला का निर्मल सेवा सदन, तीन मुनियों के सानिध्य में हुआ वर्षायोग मंगल कलश स्थापना समारोह
आगरा। श्री निर्मल सेवा सदन, छीपीटोला, आगरा में बुधवार को श्रुत संवर्धन पावन वर्षायोग 2026 का भव्य मंगल कलश स्थापना समारोह धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ। संत चर्या शिरोमणि पट्टाचार्य आचार्य भगवान श्री 108 विशुद्ध सागर जी महाराज के शिष्य गूगल बाबा श्रमण मुनि श्री 108 समत्व सागर महाराज, श्रमण मुनि 108 शील सागर महाराज और श्रमण मुनि 108 सुप्रभात सागर महाराज के सानिध्य में आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छोटी बच्ची द्वारा मंगलाचरण की प्रस्तुति से हुआ। इसके बाद श्रमण सांस्कृतिक महिला मंडल के छोटे बच्चों ने मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कुमारी दीक्षा जैन ने भक्ति भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
तीनों मुनिराजों के मंच पर आगमन के साथ ही पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। विशाल पंडाल को आकर्षक कलाकृतियों और कमल सज्जा से सजाया गया था। मंच के आगे सुसज्जित कलश श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो मंदिर प्रांगण में भव्य धार्मिक उत्सव आयोजित हो रहा हो। महिला मंडलों ने भक्ति भाव से झूमते हुए मुनिश्री को अर्घ्य और श्रीफल अर्पित किए।
धार्मिक विधि-विधान से संपन्न हुए मांगलिक कार्यक्रम
समारोह में महिला मंडल द्वारा मंगलाचरण के बाद दीप प्रज्ज्वलन, पाद प्रक्षालन और शास्त्र भेंट सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। पाद प्रक्षालन का सौभाग्य विमल जैन जयपुर को प्राप्त हुआ, जबकि शास्त्र भेंट संजीव जैन, जुली जैन, राजीव जैन लकी, वीरेन्द्र कुमार और आनंद जैन सहित अन्य श्रद्धालुओं ने की।
विधानाचार्य विकर्ष शास्त्री के निर्देशन में वर्षायोग कलश स्थापना की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। चातुर्मास कलश स्थापना के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भजनों पर नृत्यमय भक्ति कर अपनी आस्था प्रकट की।
कलश स्थापना का सौभाग्य श्रद्धालुओं को मिला
चातुर्मास मंगल कलश स्थापना में प्रथम कलश लेने का सौभाग्य प्रवीन जैन और पीयूष जैन पद्मावती को मिला। द्वितीय कलश वीरेंद्र कुमार और आनंद कुमार लाला जी, तृतीय कलश अनुप कुमार, आशु और हनी जैन चौधरी परिवार तथा चतुर्थ कलश बंगालीमल, धर्मेंद्र कुमार, राजेश कुमार और हेमंत जैन ने प्राप्त किया।
चातुर्मास कलश स्थापना दिवस को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। संतों के सानिध्य से मिलने वाली आध्यात्मिक ऊर्जा और आनंद को भक्तों ने इस धार्मिक आयोजन के माध्यम से उत्सव के रूप में व्यक्त किया।
देश के विभिन्न शहरों से पहुंचे श्रद्धालु
समारोह में जयपुर, सागर, ग्वालियर, दिल्ली, भिंड और गुना सहित विभिन्न स्थानों से आए श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आयोजन की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का मंच संचालन सतेंद्र जैन ने किया।
इस अवसर पर श्रुत मंथन वर्षायोग समिति के मनोज जैन, रमेश जैन, प्रवीण जैन (पद्मावती ज्वैलर्स), मुकेश जैन (लले), सचिन जैन, शैलेश जैन, विवेक जैन, चक्रेश जैन, राजीव जैन, अनंत जैन, अनिल जैन, जगदीश प्रसाद, मनीष जैन ठेकेदार, आशीष जैन, अमित जैन (बाबी), पंकज जैन, अंशुल जैन, रोहित जैन, सनी जैन, दीपक जैन, विनित जैन, संभव जैन, सोनू जैन, मीडिया प्रभारी राहुल जैन सहित समस्त मंडलों के पदाधिकारी और सकल जैन समाज के श्रद्धालु उपस्थित रहे।
भव्य धार्मिक वातावरण में संपन्न हुआ यह वर्षायोग मंगल कलश स्थापना समारोह श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह का केंद्र बना रहा।