फतेहाबाद से अपह्रत बच्चे का तीन दिन बाद भी सुराग नहीं, सांसद चाहर परिजनों से मिले

आगरा। फतेहाबाद की विजय नगर कॊलोनी से अपह्रत हुए आठ वर्ष के बालक का 72 घंटे बाद भी पता नहीं चल सका है। बच्चे की खोज में पुलिस के साथ ही एसओजी भी जुटी हुई है। अपह्रत बालक के परिजनों का हाल बेहाल हो चुका है।  फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर अपह्रत बालक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की।

May 3, 2025 - 18:02
 0
फतेहाबाद से अपह्रत बच्चे का तीन दिन बाद भी सुराग नहीं, सांसद चाहर परिजनों से मिले
फतेहाबाद में पीड़ित परिवार से मुलाकात करते सांसद राज कुमार चाहर।

8 वर्षीय मासूम अभय घर के बाहर खेल रहा था। खेलते ही खेलते वह लापता हो गया। परिजनों ने पहले तो आसपास तलाश की, लेकिन कुछ भी पता न चलने पर पुलिस को सूचना दी। बच्चे के अपहरण की वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

सांसद राज कुमार चाहर ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर अब तक की जांच की जानकारी ली और जल्द बच्चे की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने को कहा। सांसद चाहर ने कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।

पुलिस ने इस मामले में जांच को तेज करते हुए एसओजी और सर्विलांस टीमों को सक्रिय कर दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

फतेहाबाद की विजयनगर कॉलोनी निवासी यह परिवार चार दिन से अनिश्चितता और चिंता के दौर से गुजर रहा है। बच्चे की सकुशल वापसी को लेकर क्षेत्रीय लोगों में भी भारी बेचैनी है।

शनिवार को सुबह समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन भी अपह्रत बालक के परिवारीजनों से मिलने पहुंचे। सांसद सुमन ने परिवारीजनों से मुलाकात के दौरान हर तरह की मदद का वायदा किया। सुमन के करणी सेना द्वारा किये जा रहे विरोध के मद्देनजर यहां बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स भी तैनात रहा।

SP_Singh AURGURU Editor