बर्थडे पर टॉफी नहीं, अब हर बच्चा लगाएगा हरियाली का पौधा, जीडी गोयनका की अनूठी पहल

आगरा। बच्चों के जन्मदिन पर टॉफी और गिफ्ट्स बांटने की परंपरा को नया मोड़ देते हुए जी. डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, आगरा ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल की है। स्कूल में अब हर बच्चे को उसके जन्मदिन पर इंडोर प्लांट उपहार स्वरूप दिया जाता है।

May 3, 2025 - 17:53
 0
बर्थडे पर टॉफी नहीं, अब हर बच्चा लगाएगा हरियाली का पौधा, जीडी गोयनका की अनूठी पहल

-बीज बांटने और इंडोर प्लांट्स के माध्यम से बच्चों में पनप रही प्रकृति के प्रति जागरूकता

वहीं छात्र भी अपने जन्मदिन पर स्कूल में पौधा लाकर लगाते हैं, जिससे बचपन से ही प्रकृति के प्रति लगाव और जिम्मेदारी का भाव विकसित हो रहा है।

इस सराहनीय परंपरा को आगे बढ़ाते हुए स्कूल ने अब छात्रों को प्रोत्साहित किया है कि वे अपने जन्मदिन पर टॉफियों या गिफ्ट्स की बजाय कक्षा में मौसमी फूलों और सब्ज़ियों के बीज वितरित करें। इससे न केवल बच्चों में हरियाली के प्रति जुड़ाव बढ़ रहा है, बल्कि भविष्य में उनके द्वारा लगाए गए पौधे और उगाए गए फूल-फल शहर को हरियाली से भर देंगे।

स्कूल प्राचार्य श्री पुनीत वशिष्ठ और प्रो वाइस चेयरमैन श्री संजय अग्रवाल ने बताया कि,

“यह पहल केवल स्कूल की चारदीवारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अब एक सामाजिक आंदोलन का रूप ले चुकी है। आज के बच्चे कल के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे और यदि बचपन से ही उनके मन में हरियाली के बीज बो दिए जाएं तो वे जीवन भर पर्यावरण की रक्षा करेंगे।”

उन्होंने यह भी कहा कि आउटडोर पौधों की तुलना में इंडोर प्लांट्स की देखरेख करना आसान होता है, जिससे पौधे अधिक समय तक जीवित रहते हैं। हर घर में 10-15 इंडोर पौधों की मौजूदगी वातावरण को शुद्ध करने के साथ-साथ घर को भी नैसर्गिक ऊर्जा से भर देती है।

जी. डी. गोयनका स्कूल की यह पहल निश्चित ही ग्रीन सिटी आगरा की कल्पना को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम है। स्कूल प्रशासन ने अन्य शैक्षणिक संस्थानों से भी अपील की है कि वे इस विचार को अपनाएं और बच्चों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की मजबूत नींव रखें।