पानी नहीं तो रास्ता नहीं:  ट्रांस यमुना की महिलाओं ने अलीगढ़ हाईवे किया जाम

आगरा। बीस दिनों से बूंद-बूंद पानी को तरस रही टेढ़ी बगिया और आसपास की कॉलोनियों की महिलाओं का सब्र आखिर टूट गया। गुरुवार सुबह गुस्साई महिलाओं ने आगरा-अलीगढ़ हाईवे को टेढ़ी बगिया चौराहे के पास जाम कर दिया। सड़क पर बैठकर महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी- पानी नहीं तो रास्ता नहीं!

Jun 12, 2025 - 18:47
 0
पानी नहीं तो रास्ता नहीं:  ट्रांस यमुना की महिलाओं ने अलीगढ़ हाईवे किया जाम
पानी की समस्या को लेकर आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर जाम लगातीं ट्रांस यमुना क्षेत्र की महिलाएं।

गंभीर जल संकट की समस्या को लेकर महिलाओं का आक्रोश इस कदर था कि उन्होंने हाईवे पर ही धरना शुरू कर दिया। इससे ईंट मंडी और आसपास के इलाकों में यातायात पूरी तरह ठप हो गया। जाम की वजह से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना पर पहुंची पुलिस और जल संस्थान की टीम ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने जल्द ही पेयजल आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया, तब जाकर करीब एक घंटे बाद रास्ता खोला गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कॉलोनियों में हैंडपंप सूख गए हैं।  टैंकर भी कई दिनों से नहीं आया है।  बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस इलाके में गर्मी बढ़ने के साथ जल संकट विकराल होता जा रहा है। लोगों का कहना है कि नल के कनेक्शन हैं, लेकिन पानी नहीं आता। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। महिलाओं का कहना था कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा सड़क पर उतरेंगी और इस बार स्थायी समाधान मिलने तक नहीं हटेंगी।

SP_Singh AURGURU Editor