उत्तरी बाईपास शुरू. चैम्बर ने किया मंडलायुक्त का सम्मान, आगरा को जाम व प्रदूषण से राहत दिलाने को रखीं कई मांगें
आगरा। नेशनल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार के प्रयासों से उत्तरी बाईपास प्रारंभ होने पर उनका सम्मान किया और शहर को जाम, वायु प्रदूषण व दुर्घटनाओं से राहत दिलाने के लिए भारी वाहनों को इसी मार्ग से निकालने की मांग रखी। साथ ही आगरा के पर्यटन एवं विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
उत्तरी बाईपास शुरू होने पर मंडलायुक्त का सम्मान
चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उनके प्रयासों से उत्तरी बाईपास प्रारंभ होने पर उनके कार्यालय में पहुंचकर सम्मान किया।
चैम्बर अध्यक्ष ने बताया कि हाईटेंशन लाइन की ऊँचाई कम होने के कारण लंबे समय से बाईपास शुरू नहीं हो पा रहा था। इस संबंध में चैम्बर द्वारा एनएचएआई अध्यक्ष, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, यूपीपीसीएल चेयरमैन, ऊर्जा मंत्री और मुख्यमंत्री तक पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की गई थी।
भारी वाहनों को उत्तरी बाईपास से निकालने की मांग
चैम्बर ने कहा कि मथुरा, खंदौली, सादाबाद, रामबाग आदि मार्गों से होकर गुजरने वाले बड़े व भारी वाहनों को उत्तरी बाईपास से रूट किया जाए।
इससे शहर को वायु प्रदूषण से राहत और भीषण जाम से मुक्ति मिलेगी। साथ ही दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
उत्तरी बाईपास अब मथुरा, महावन, हाथरस, सादाबाद के अलावा शहजादपुर पौरी, पौरी चुरमुरा, रैपुरा जाट भधाया, कंजौली घाट, कनोरा बांगा, मुर्शिदाबाद बांगर, सराय सलवाहन, नेरा नगला गुखरौता, गुरखौली मिढ़ावली को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग बनेगा।
विकास परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा
आगरा के विकास से जुड़े कई मुद्दों पर भी चैम्बर प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त से चर्चा की और मांग की कि चम्बल सफारी को शीघ्र शुरू किया जाए। कीठम झील में गोल्फ कार्ट की व्यवस्था। शहीद स्मारक पर टिकट शुल्क समाप्त किया जाए। सूर सरोवर के पास शानदार वेलकम गेट का निर्माण इन सभी मांगों पर मंडलायुक्त ने शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष संजय गोयल, उपाध्यक्ष विवेक जैन पूर्व अध्यक्षद्वय सीताराम अग्रवाल, मनीष अग्रवाल आदि शामिल थे।