अब आगरा के डौकी क्षेत्र में मुठभेड़ः 25 हज़ार का इनामी गोली लगने से घायल, साथी फरार
आगरा के थाना डौकी क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में गैंगस्टर एक्ट समेत 14 मुकदमों में वांछित 25 हज़ार रुपये के इनामी मंगलेश को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पैर में गोली लगने के बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फतेहाबाद एसीपी अमरदीप लाल के अनुसार, डौकी पुलिस और सर्विलांस टीम आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के पास विसारना क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश मंगलेश घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
मंगलेश फतेहाबाद का रहने वाला है और उस पर लूट, अवैध हथियार और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के 14 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके पास से एक बाइक, एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब उसके फरार साथी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।