हे राजा राम! तेरी आरती उतारूं… जनकपुरी में सियाराम के दर्शन को उमड़ रहा श्रद्धा का सागर
आगरा का जनकपुरी गुरुवार को प्रभु सियाराम और माता जानकी और अन्य स्वरूपों के दिव्य स्वरूपों के दर्शन से आलोकित हो उठी। जनक मंच (मिथिला महल) की आभा और प्रभु की झलक पाने के लिए लाखों श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। चारों ओर जयकारों, भजन लहरियों, पुष्पवर्षा और आरती की गूंज ने ऐसा आभामय वातावरण रचा कि मिथिला की इस पावन भूमि पर आस्था का समुद्र उमड़ पड़ा। रात दस बजे बाद भी श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा था।
आगरा। जनकपुरी महोत्सव के गुरुवार को पूरी तरह प्रभु श्रीराम और माता जानकी की भक्ति में सराबोर रहा। मिथिला महल और उस पर विराजमान प्रभु श्रीराम और माता जानकी के दिव्य दर्शन पाने को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ऐसा लगा मानो पूरा शहर प्रभु के स्वागत और दर्शन के लिए उमंग व उल्लास से भरकर दौड़ता चला आया हो।
दोपहर तुलसी-सालिगराम विवाह संस्कार के बाद शाम को महाराजा अग्रसेन सेवा सदन से जगत जननी माता जानकी आकर्षक डोले में विराजमान होकर निकलीं। बैंड-बाजों की मधुर भक्ति लहरियों और जयकारों के बीच प्रभु राम अपने भाइयों सहित घोड़ों पर सवार होकर नगर भ्रमण करते हुए जनक मंच पहुंचे। जनकपुरी की सड़कों पर इस दौरान आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा और हर कोई इस अलौकिक झांकी को अपने मोबाइल में कैद करता दिखा।
जनक मंच पर पहुंचते ही ड्रोन से पुष्पवर्षा और आतिशबाजी ने पूरे वातावरण को दैदीप्यमान कर दिया। आयोजन समिति अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने शंखनाद कर इस दिव्य क्षण की पावनता को और बढ़ाया। मंच पर राजा दशरथ अजय अग्रवाल, राजा जनक राजेश अग्रवाल और रानी सुनयना श्रीमती अंजू अग्रवाल स्वरूपों के साथ विराजमान रहे।
इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मधु बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री राकेश गर्ग, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, जीएस धर्मेश, एमएलसी विजय शिवहरे व नीतेश शिवहरे सहित अन्य अतिथियों ने हे राजा राम! तेरी आरती उतारूं... की मधुर धुन पर प्रभु सियाराम की आरती उतारी। सांसद नवीन जैन ने अपने संबोधन में कहा कि प्रभु राम का चरित्र और आदर्श हम सबके जीवन का पथप्रदर्शक है।
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री पार्षद प्रदीप अग्रवाल, संयोजक पार्षद पंकज अग्रवाल, रीनेश मित्तल और श्रुति सिन्हा ने किया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। मंच के आगे जमा भीड़ को लगातार आगे बढ़ाया जाता रहा ताकि सभी को प्रभु के दिव्य दर्शन का अवसर मिल सके।
व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संचालित करने में उमेश कंसल, राम रतन मित्तल, अनिल अग्रवाल बैंक, नितिन कोहली, गौरव पोद्दार, डीडी सिंघल, सुनील अग्रवाल, जीवनलाल मित्तल, राकेश मंगल, रामगोपाल गोयल, महिला समिति की अध्यक्ष सीमा अग्रवाल, संरक्षक मीरा अग्रवाल और प्रियंका अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोगों का सहयोग रहा।