ओकेंद्र व अन्य ने सांसद आवास पर पथराव कियाः पुलिस एफआईआर
आगरा। आगरा में सपा सांसद रामजी लाल सुमन के संजय प्लेस एचआईजी फ्लैट्स स्थित आवास पर बीते कल हुए बवाल के मामले में पुलिस ने भी अपनी ओर से एक मुकदमा दर्ज किया है। हरीपर्वत थाने के सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार द्वारा दर्ज कराये गये इस मुकदमे में करणी सेना के नेता ओकेंद्र सिंह राणा व अन्य पर सांसद आवास पर पथराव किये जाने का आरोप लगाया गया है।
उप निरीक्षक दिनेश कुमार द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार विगत 26 मार्च को उनकी ड्यूटी सांसद रामजी लाल सुमन के आवास के प्रवेश द्वार पर थी। दोपहर करीब एक बजे बाद ओकेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में कुछ अज्ञात व्यक्ति एक राय होकर प्रदर्शन करते हुए गेट पर आये तथा सांसद के मकान में प्रवेश करने का प्रयास करने लगे। मैंने उपलब्ध पुलिस बल के साथ इन्हें रोकने का प्रयास किया तो ओकेंद्र राणा और कुछ अन्य लोग उनके घर पर ईंट-पत्थर फेंकने लगे।
रिपोर्ट के अनुसार इन लोगों को रोकने और बीचबचाव में उनका (दिनेश कुमार) सिर फट गया और निरीक्षक आलोक कुमार का हाथ फट गया। एचआईजी परिसर में मौजूद अन्य लोग भी बीचबचाव और मारपीट में आंशिक रूप से घायल हो गये। कई अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं।
सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने रिपोर्ट में लिखाया है कि ओकेंद्र सिंह राणा द्वारा अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ बगैर शासकीय अनुमति के भीड़ एकत्रित कर परिसर के अंदर रहने वाले लोगों और बीचबचाव करने वालों के साथ मारपीट की गई। सांसद के घर के आसपास के वाहनों तथा खिड़ियां व कुर्सियां क्षतिग्रस्त की गईं। पुलिस ने घटना की वीडियोग्राफी भी कराई है।