एक जून को आगरा में दिखेगा पाल बघेल समाज की एकता का अद्भुत स्वरूप

आगरा। आगामी एक जून को आगरा के जीआईसी मैदान में होने जा रहा मातेश्वरी अहिल्याबाई होल्कर जन्म त्रिशताब्दी समारोह न केवल एक ऐतिहासिक सामाजिक आयोजन बनने जा रहा है, बल्कि यह पाल बघेल धनगर समाज की एकता, गरिमा और सांस्कृतिक विरासत का विराट प्रदर्शन भी होगा। समारोह की तैयारियां विधिवत भूमि पूजन के साथ आरंभ हो चुकी हैं। इस कार्यक्रम को लेकर कैसा उत्साह है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि भूमि पूजन कार्यक्रम में ही समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित हुए और यज्ञ-हवन कर कार्यक्रम की सफलता की मंगलकामना की।

May 27, 2025 - 13:40
 0
एक जून को आगरा में दिखेगा पाल बघेल समाज की एकता का अद्भुत स्वरूप
आगरा के जीआईसी ग्राउंड पर भूमि पूजन में मौजूद केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल एवं समाज के अन्य गणमान्य लोग।

-भूमि पूजन से शुरू हो चुकी हैं मातेश्वरी अहिल्याबाई होल्कर जन्म त्रिशताब्दी समारोह की तैयारियां, देशभर से जुटेगा समाज

इस भव्य आयोजन के मुख्य आयोजक केंद्रीय मंत्री एवं आगरा के सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल हैं, जो पूरे जोश के साथ पिछले कई हफ्तों से गांव-गांव जाकर आमंत्रण दे रहे हैं। उनके दौरे को समाज के भीतर अपार समर्थन और उत्साह मिल रहा है। भूमि पूजन के बाद जीआईसी मैदान पर ही एक अहम बैठक भी हुई, जिसमें आयोजन से जुड़े जिम्मेदारियां बांटी गईं और तैयारियों का खाका खींचा गया।

एक जून को होने वाले इस समारोह में देशभर से पाल बघेल धनगर समाज के प्रतिनिधि, सांसद, विधायक, विधानपरिषद सदस्य और गणमान्य अतिथि जुटेंगे। इस मौके पर भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति शंकरराव रामशिंदे जैसे शीर्ष गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति कार्यक्रम को विशेष गौरव प्रदान करेगी।

जीआईसी मैदान पर जर्मन हैंगर का विशाल पंडाल लगाया जा रहा है, जिसमें हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, भोजन, पेयजल, चिकित्सा और आवागमन की सुविधाओं को लेकर व्यापक तैयारियां चल रही हैं। आयोजकों के अनुसार, यह सम्मेलन आगरा ही नहीं, समूचे भारत में पाल बघेल समाज का अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक आयोजन होगा।

समारोह के दौरान मातेश्वरी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, समाजसेवा, शासन कुशलता और सनातन धर्म के लिए उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उनका आदर्श समाज के नवोन्मेष, स्वाभिमान और सशक्तिकरण का प्रेरणास्रोत बने—यही इस आयोजन का उद्देश्य है।

भूमि पूजन में केंद्रीय आयोजन समिति के अध्यक्ष हरिसिंह बघेल (बेदारिया गजक वाले), महामंत्री संजय बघेल (पूर्व पार्षद), वरिष्ठ उपाध्यक्ष निहाल सिंह बघेल (देहाती दूध भंडार), पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश धनगर, बृजेश बघेल (KDS ग्रुप), हृदय सिंह बघेल (भावना ग्रुप), पूर्व पार्षद डॉ. शिरोमणि सिंह, रतन सिंह परिहार, पंकज बघेल समेत समाज के दर्जनों वरिष्ठजन शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor