वृक्षारोपण की दिशा में एक एक कदम और: नेशनल चैम्बर का पौधे रोपने के साथ अभियान शुरू
आगरा। नेशनल चैम्बर द्वारा पर्यावरण जागरूकता की दिशा में एक और प्रभावी पहल करते हुए रविवार को विमल वाटिका पार्क, कर्मयोगी एन्क्लेव, कमला नगर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डीएफओ राजेश कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने पौधरोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में चैम्बर सदस्य, कॉलोनीवासी एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। संजय गोयल ने बताया कि पर्यावरण दिवस पर की गई घोषणा के अनुरूप चैम्बर जुलाई माह तक वृक्षारोपण अभियान चलाएगा। यह कार्यक्रम उसी कड़ी में एक और सार्थक प्रयास है।
डीएफओ राजेश कुमार ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने बच्चों के जन्मदिवस जैसे विशेष अवसरों पर कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पौधे विभागीय नर्सरी से निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए जनसहयोग से सघन वृक्षारोपण अभियान चलाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान चैम्बर द्वारा प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) से बनी मूर्तियों के प्रयोग के विरोध में जागरूकता अभियान भी चलाया गया। पर्यावरण प्रकोष्ठ के चेयरमैन गोपाल खंडेलवाल एवं अध्यक्ष संजय गोयल ने लोगों से अपील की कि मिट्टी से बनी मूर्तियों का ही उपयोग करें। इसी क्रम में चैम्बर द्वारा कलेक्ट्रेट और नगर निगम कार्यालय में होर्डिंग्स भी लगाए गए हैं।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में कॉलोनीवासियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण हेतु पूर्ण सहयोग दिया।
इस मौके पर गोपाल खंडेलवाल (पर्यावरण प्रकोष्ठ चेयरमैन), सीताराम अग्रवाल, योगेन्द्र कुमार सिंघल, मनीष अग्रवाल, श्री गोपालदास अग्रवाल, अनिल जैन, संतोष गुप्ता, प्रवीन गुप्ता, सचिन अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, जयकिशन गुप्ता, सुशील बंसल, रविन्द्र अग्रवाल, संदेश जैन, पियूष अग्रवाल, राजीव सक्सेना (वरिष्ठ पत्रकार), अनिल गोयल (एडवोकेट) आदि मौजूद रहे।