धार्मिक स्थलों को जोड़ेगी 1000 करोड़ रुपये की योजना, पर्यटन से व्यापार को नई उड़ान- जयवीर सिंह
आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के धार्मिक स्थलों को सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए एक हजार करोड़ रुपये की योजना पर काम करेगी। इसके साथ ही राजस्थान की तर्ज पर हेरिटेज प्रॉपर्टी को वेडिंग डेस्टिनेशन, होटल व पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। ये बातें प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने ताज कन्वेंशन सेंटर में आयोजित एमएसएमई-ओडीओपी उद्योग संवाद और राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन की दो दिवसीय बिजनेस समिट में कहीं।
-एमएसएमई-ओडीओपी उद्योग संवाद और राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन की दो दिवसीय बिजनेस समिट में कई उद्यमियों का सम्मान
कार्यक्रम में आठ राज्यों से 250 से अधिक उद्यमियों और व्यापारियों ने हिस्सा लिया। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि पांच कमरों तक के होमस्टे के रजिस्ट्रेशन पर सामान्य वर्ग को 25% और महिलाओं व अनुसूचित जाति-जनजाति को 35% अनुदान दिया जा रहा है। सरकार हेरिटेज निवेश को प्रमोट कर रही है और होटल जेपी पैलेस जैसी प्रॉपर्टी को तीन-तीन साल की लीज पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
कानून-व्यवस्था में सुधार से बढ़ा निवेश
जयवीर सिंह ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अपहरण और फिरौती उद्योग जैसा था। लेकिन अब प्रदेश में निवेश का माहौल है। 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जो देश में सर्वाधिक हैं। भारत अब प्रगति की दौड़ में 14वें से 4वें स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि मान सरोवर यात्रा के लिए पहली बार उत्तर प्रदेश से जत्था रवाना हुआ है, जिसमें हर यात्री को ₹1 लाख की सहायता दी जा रही है।
शिवाजी म्यूजियम दिसंबर तक होगा तैयार
उन्होंने बताया कि आगरा के कोठी मीना बाजार में बन रहा शिवाजी म्यूजियम दिसंबर तक पूरा होकर हैंडओवर कर दिया जाएगा। इसके अलावा बटेश्वर के विकास के लिए केंद्र सरकार ने 76 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। कैलाश मंदिर कॉरिडोर के निर्माण की भी योजना है।
सरदार भगत सिंह के स्मृति भवन को मिले हेरिटेज का दर्जा-बघेल
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने व्यापारियों से राजनीति में आने का आह्वान किया, वहीं विनय अग्रवाल ने नूरी गेट स्थित सरदार भगत सिंह के प्रवास स्थल को हेरिटेज बिल्डिंग घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा, यदि पर्यटन के लिहाज से आगरा को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, स्टेडियम, बैराज और रिवरफ्रंट जैसी योजनाओं से जोड़ा जाए, तो रोजगार और व्यापार को नई दिशा मिलेगी।
राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि व्यापार बढ़ेगा तभी देश आगे बढ़ेगा। उन्होंने उद्यमियों को हेरिटेज निवेश और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने को कहा। कार्यक्रम में उद्योग संवाद पत्रिका का विमोचन भी हुआ।
भारत को सोने की चिड़िया बनाने वाले लघु उद्योग फिर बनेंगे रीढ़
लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि एक दौर था जब भारत की वैश्विक जीडीपी में 35% हिस्सेदारी थी, जो कुटीर उद्योगों के कारण संभव हुआ। अंग्रेजों ने हमारी अर्थव्यवस्था और संस्कृति को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया। आज फिर वही उभार दिख रहा है।
संगठन के उपाध्यक्ष विनय अग्रवाल ने जीएसटी में व्यवहारिक सुधार और पेठा व आलू उद्योग को विशेष श्रेणी में शामिल करने की मांग की। उन्होंने कहा, पेठा गरीब की मिठाई है, और आलू अब सिर्फ कृषि उत्पाद नहीं रहा, यह इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट बन चुका है।
उद्यम अवार्ड से ये हुए सम्मानित
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों के श्रेष्ठ उद्यमियों को ‘उद्यम अवार्ड’ से सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में रीतेश अग्रवाल- चांदी इंडस्ट्री, अमित गोयल- पंछी पेठा, राजेश अग्रवाल- प्राचीन पेठा, राजीव जयराम, संदीप अग्रवाल, सुनील- मार्बल इंडस्ट्री शामिल थे।
इस अवसर पर मुख्य रूप से राज्य सभा सांसद नवीन जैन, दिगम्बर सिंह धाकरे, कार्यक्रम के स्वागत अध्यक्ष रितेश अग्रवाल, स्वागत मंत्री राजीव जयराम, विनोद अग्रवाल राकेश अग्रवाल नीरज अग्रवाल उपस्थित थे। संचालक रीनेश मित्तल किया।
कार्यक्रम में मनोज सिंघल, अनीता अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, रितेश अग्रवाल, ओंकारनाथ केसरवानी, गोविन्द बाबू, जगत नारायण ग्रवाल, रविन्द्र जायसवाल, गुलशन डंग, उमेश जायसवाल, निशि, किशोर गुप्ता, गजेन्द्र शर्मा, बिहार के प्रदेशाध्यक्ष पंकज यादव, मप्र के अध्यक्ष ओम जैसवाल, हरियाणा के गुलशन डंग, मुरलीधर हूजा आदि राजेश अग्रवाल की भी मोजूदगी रही।