"एक पेड़ मां के नाम" बना जनआंदोलन, आगरा शहर से गांव तक भाजपा का महाअभियान

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत आगरा महानगर और देहात के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, एमएलसी विजय शिवहरे, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनिया, विधायक छोटेलाल वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी कार्यक्रमों में नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया गया।

Jun 5, 2026 - 21:20
 0
"एक पेड़ मां के नाम" बना जनआंदोलन,  आगरा शहर से गांव तक भाजपा का महाअभियान
भाजपा के सांसद, विधायक, एमएलसी और पदाधिकारी पौधारोपण करते हुए।

केंद्रीय मंत्री से लेकर राज्यसभा सांसद तक ने किया वृक्षारोपण, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लगाए हजारों पौधे

आगरा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे "एक पेड़ माँ के नाम" महाअभियान के तहत आगरा महानगर से लेकर देहात के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। केंद्रीय राज्य मंत्री, राज्यसभा सांसद, विधायक, एमएलसी, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।

जयपुर हाउस में पदयात्रा के साथ शुरू हुआ अभियान

भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में जयपुर हाउस स्थित भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय से हाथों में पौधे लेकर पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा श्रीराम मंदिर पार्क पहुंची, जहां केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, प्रदेश मंत्री एवं एमएलसी विजय शिवहरे, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री राकेश गर्ग सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण किया।

नेताओं ने पौधों में खाद और पानी डालकर उन्हें गोद लेने तथा संरक्षण करने का संकल्प भी लिया। इस दौरान भाजपा महानगर महामंत्री महेश शर्मा, नीतेश शिवहरे, कोषाध्यक्ष अतुल गर्ग, मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल, उपाध्यक्ष मनवीर चौहान, दीपू जादौन, मनमोहन कुशवाह, अनीता खरे, डॉ. निधि शर्मा, मंत्री अनिल सारस्वत, विकास भारद्वाज, अंकित शर्मा, माधुरी माहौर, कार्यालय प्रभारी बॉबी लाले, सह मीडिया प्रभारी गया प्रसाद लोधी, के.के. सिकरवार, आशु पंडित सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।

नॉर्थ ईदगाह पार्क में विजय शिवहरे ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

नॉर्थ ईदगाह पार्क में आयोजित कार्यक्रम में एमएलसी विजय शिवहरे ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का साधन नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ जीवन देने की आधारशिला भी हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। कार्यक्रम में समाजसेवी रवि शिवहरे, सतीश गोस्वामी, ऋषि शिवहरे, उमंग शिवहरे, हर्षित शिवहरे, नब्बो पंडित, रामसेवक प्रजापति, हिमांशु प्रजापति, सुगम शिवहरे, ललित प्रजापति, आंशू शर्मा, अभिषेक वर्मा, कौशल प्रजापति सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।

अछनेरा में जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने किया पौधारोपण

अछनेरा देहात मंडल के अकबरा  गांव में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान को मातृ सम्मान और प्रकृति संरक्षण का जनआंदोलन बताया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष के.के. ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष सहदेव शर्मा, राम चौधरी, किसान मोर्चा जिला महामंत्री पवन सिकरवार, प्रमोद सिकरवार, हेम सिंह ठाकुर, मंगेश सिकरवार, पंकज सिकरवार, सेक्टर संयोजक ओमवीर सिंह, रीतराम फौजी, श्याम सिंह, जंगजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

देहात के कई मंडलों में चला अभियान

धिमिश्री मंडल के धिमिश्री गांव में जिला उपाध्यक्ष एवं अभियान संयोजक हरीओम रावत ने वृक्षारोपण किया। उनके साथ मंडल अध्यक्ष मुकेश पचौरी और राजकुमार पुंडीर मौजूद रहे। वहीं शमशाबाद देहात मंडल के लखुरानी, इनायतपुर, लहरा और लुहेटा गांवों में फतेहाबाद विधायक छोटेलाल वर्मा के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला मंत्री सत्येंद्र बरुआ, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष दिलीप जैन भंडारी तथा मंडल अध्यक्ष योगेश बघेल सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल हुए। बरौली अहीर मंडल के नगला कली और सेमरी गांवों में जिला मंत्री सत्येंद्र त्यागी ने पौधारोपण किया, जबकि श्यामो मंडल में जिला मंत्री महेंद्र वर्मा और मंडल अध्यक्ष विजय सिंह राजपूत के नेतृत्व में वृक्ष लगाए गए।

राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने भी किया पौधारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने शास्त्रीपुरम स्थित अपने आवास पर पौधारोपण कर अभियान को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज पूरी मानवता के अस्तित्व से जुड़ा विषय बन चुका है। बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग, जल संकट और बदलते मौसम चक्र के बीच वृक्षारोपण सबसे प्रभावी समाधान है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमें शुद्ध वायु, ऑक्सीजन, छाया, फल और औषधियां प्रदान करते हैं। साथ ही भूजल संरक्षण, जैव विविधता और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।

नवीन जैन ने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान केवल पौधारोपण नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का प्रेरणादायी प्रयास है, जो समाज के प्रत्येक वर्ग को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ रहा है।

पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान

सभी कार्यक्रमों में मौजूद जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।