आगरा में ऑनलाइन फ्रेंडशिप बनी जालः  ब्लैकमेलिंग संग डिजिटल मंचों पर युवती की इज्जत की तार-तार

आगरा। डिजिटल दौर में ऑनलाइन फ्रेंडशिप का खतरा अब खतरनाक हद तक बढ़ गया है। सोशल मीडिया के जरिए बनी एक साधारण पहचान आगरा में एक युवती के लिए दु:स्वप्न बन गई। ताजगंज क्षेत्र में युवती को उसके ही ऑनलाइन मित्र ने निजी तस्वीरों के सहारे ब्लैकमेल और बदनाम किया। यही नहीं, धमकाते हुए हथियार लेकर घर तक पहुंच गया। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

Oct 25, 2025 - 18:48
 0
आगरा में ऑनलाइन फ्रेंडशिप बनी जालः  ब्लैकमेलिंग संग डिजिटल मंचों पर युवती की इज्जत की तार-तार

-आरोपी युवक घर में हथियार लेकर घुसा और पूरे परिवार को धमकाया, रिपोर्ट दर्ज होते ही हुआ फरार

थाना ताजगंज क्षेत्र के एडीए हाइट्स फेस-2 में रहने वाली एक युवती ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अभिषेक यादव नामक युवक ने ऑनलाइन दोस्ती का फायदा उठाकर उसे ब्लैकमेल और बदनाम किया तथा धमकाया।

पीड़िता ने बताया कि सोशल मीडिया पर अभिषेक यादव से उसकी पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ ही मुलाकातें भी शुरू हुईं। इसी दौरान आरोपी ने उसके भरोसे का दुरुपयोग करते हुए निजी तस्वीरें हासिल कर लीं। जब युवती ने संबंध आगे बढ़ाने या शादी से इनकार किया तो अभिषेक ने धमकी दी कि वह उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड कर देगा।

कुछ ही दिनों में यह धमकी हकीकत बन गई। आरोपी ने युवती की तस्वीरें विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर डाल दीं, जिससे उसकी प्रतिष्ठा को भारी क्षति पहुंची।

धमकियों का सिलसिला

पीड़िता ने बताया कि जब उसने आरोपी का विरोध किया तो उसने खुलेआम कहा कि मेरे पिता पुलिस में हैं, कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

इसके बाद अभिषेक यादव अपने साथियों के साथ हथियार लेकर युवती के घर पहुंचा। उसने घर में घुसकर परिजनों से अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने पहले युवती के घर की रेकी की थी और उसके भाई को फोन कर गालियां दीं।

पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी फरार

घटना की जानकारी मिलते ही ताजगंज थाना पुलिस हरकत में आई। आरोपी अभिषेक यादव, उसके पिता विजय किशोर यादव और अन्य के खिलाफ आईटी एक्ट, ब्लैकमेलिंग, धमकी और अभद्र व्यवहार की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस की टीम लगातार दबिशें दे रही है।

यह मामला केवल व्यक्तिगत अपराध ही नहीं, बल्कि साइबर सुरक्षा की गंभीर चेतावनी है। सोशल मीडिया पर किसी भी रिश्ते में अत्यधिक भरोसा न करें। यह घटना इस बात की सख्त याद दिलाती है कि ऑनलाइन फ्रेंडशिप अब सिर्फ एक क्लिक की दूरी नहीं, बल्कि खतरनाक छलावा बन चुकी है, जहां भरोसा एक हथियार बन सकता है, और निजता किसी के हाथों में खिलौना।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor