आगरा के गांधी नगर में सरेआम गुंडागर्दी, थार से उतरे दबंगों का कहर, कार सवार युवकों पर लाठी-डंडे से हमला

आगरा। आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र स्थित गांधी नगर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कार का शीशा खोलने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा देखते-देखते दो बस्तियों के युवकों के बीच खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि थार गाड़ी से आए आधा दर्जन से अधिक युवकों ने कार सवार दो युवकों को घेरकर बेरहमी से पीटा।

Dec 18, 2025 - 18:17
 0
आगरा के गांधी नगर में सरेआम गुंडागर्दी, थार से उतरे दबंगों का कहर, कार सवार युवकों पर लाठी-डंडे से हमला
गांधी नगर में मारपीट करते युवक।

आगरा। आगरा  के थाना हरीपर्वत क्षेत्र स्थित गांधी नगर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कार का शीशा खोलने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा देखते-देखते दो बस्तियों के युवकों के बीच खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि थार गाड़ी से आए आधा दर्जन से अधिक युवकों ने कार सवार दो युवकों को घेरकर बेरहमी से पीटा।

पीड़ित रिषी राठौर निवासी रामबाग गल्ला मंडी, अपनी टाटा पंच कार से दोस्त मोनू कुशवाह को छोड़ने गांधी नगर आए थे। चौराहे के पास पान की दुकान पर रुकते ही वहां मौजूद समीर नामक युवक ने कार का शीशा तोड़ने की कोशिश की। विरोध करने पर गाली-गलौज शुरू हो गई। इसके बाद समीर ने अपने साथियों आकाश, विकास, अरमान, पीयूष, कादू, नितिन और 3-4 अन्य को बुला लिया, जो थार गाड़ी से मौके पर पहुंचे।

आरोप है कि दबंगों ने लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों के साथ-साथ दुकान से उठाए गए पंखे और नारियल तक से हमला कर दिया। सड़क पर भगदड़ मच गई। बीच-बचाव करने पर एक सब्जी ठेला लगाने वाले को भी बेरहमी से पीट दिया गया। हमले में रिषी राठौर की आंख के पास गंभीर चोट आई और खून बहने लगा, जबकि मोनू कुशवाह के हाथ, सीने और सिर में चोटें आईं हैं।

पीड़ितों का कहना है कि मारपीट के दौरान रिषी की सोने की ब्रैसलेट और अंगूठी, जबकि मोनू की घड़ी गिर गई। पुलिस को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसीपी हरिपर्वत अक्षय महाडिक ने बताया कि घटना के संबंध में छह नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर कार्रवाई कर रही है।