ऑपरेशन ‘मौलाना तौकीर’ में फाइक एन्क्लेव की फाइल दोबारा खुली, अवैध निर्माणों पर बुलडोजर की आहट

-आरके सिंह- बरेली। शहर में एक बार फिर फाइक एन्क्लेव सुर्खियों में है, वही इलाका जो मौलाना तौकीर रजा की शरणस्थली कहा जाता है। पीलीभीत बाईपास रोड पर स्थित इस इलाके में सीलिंग भूमि पर बने कथित अवैध निर्माणों की जांच अब दोबारा होगी। मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी ने पूर्व में दबी पड़ी फाइल को फिर से खोलने का आदेश दे दिया है। अब आरिफ के फहम लॊन और फाइक एन्क्लेव में बने 60 से अधिक अवैध निर्माणों पर संकट गहराता जा रहा है। माना जा रहा है कि जांच के बाद इन पर बुलडोजर कार्रवाई लगभग तय है।

Oct 5, 2025 - 11:24
 0
ऑपरेशन ‘मौलाना तौकीर’ में फाइक एन्क्लेव की फाइल दोबारा खुली, अवैध निर्माणों पर बुलडोजर की आहट
बरेली के मौलाना तौकीर रजा के करीबियों की बिल्डिंग, फहत लॊन जो जांच के दायरे में आ चुकी है। दूसरा चित्र फाइक एन्क्रेलव का है।

मंडलायुक्त बोले- सरकारी जमीन सरकार की ही रहेगी

मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने जिला प्रशासन से इस मामले की पुरानी फाइल दोबारा तलब की है। उनका स्पष्ट कहना है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकारी जमीन सरकार की ही रहेगी। जहां कब्जा होगा, उसे तत्काल हटाया जाएगा। मंडलायुक्त चौधरी ने संकेत दिए कि अब फाइक एन्क्लेव और फहम लॊन दोनों में अवैध निर्माणों को लेकर नई जांच रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

फाइक एन्क्लेव बना रहा है अपराधियों का अड्डा

फाइक एन्क्लेव लंबे समय से मौलाना तौकीर रजा की गतिविधियों से जुड़ा रहा है। हाल के उपद्रव के दौरान भी पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा फाइक एन्क्लेव स्थित फरहत के घर में छिपा हुआ था, जहां से उसे गिरफ्तार किया गया। यही नहीं, पहले प्रयागराज के अधिवक्ता उमेश पाल हत्याकांड में शामिल माफिया अतीक अहमद के भाई असरफ के साले सद्दाम और कई अन्य अपराधी भी फाइक एन्क्लेव में पनाह ले चुके हैं। बताया जाता है कि कई घटनाओं की साजिशें यहीं से रची गई थीं।

सीलिंग की भूमि पर कब्जे की पुष्टि, पूर्व जांच में हो चुकी

पूर्व में तत्कालीन मुख्य विकास अधिकारी जग प्रवेश की जांच रिपोर्ट में फाइक एन्क्लेव की सीलिंग भूमि पर भारी कब्जे की पुष्टि हो चुकी है। लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर भी दर्ज की गई थी। बाद में तत्कालीन कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने इस पर वृहद जांच कराई थी, जिसमें गम्भीर अनियमितताओं का खुलासा हुआ, लेकिन कुछ समय बाद फाइल दबा दी गई। अब कमिश्नर चौधरी के आदेश के बाद वही फाइल फिर से खोली जा रही है।

अवैध निर्माणों की कुंडली तैयार

प्रशासन ने अब फाइक एन्क्लेव की पूरी कुंडली तैयार करनी शुरू कर दी है। जांच में सामने आया कि जगतपुर गाटा संख्या 367 में लगभग 3589 वर्गमीटर क्षेत्रफल सहित कई अन्य गाटा संख्याओं पर सीलिंग भूमि पर कब्जे कर लिए गए हैं। इनमें आरिफ के फहम लॊन का बड़ा हिस्सा भी शामिल बताया गया है। शासन सूत्रों का कहना है कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई होगी और अवैध निर्माणों पर बुलडोजर की गड़गड़ाहट सुनाई दे सकती है।

शासन की सख्ती से हलचल

ऑपरेशन तौकीर के तहत पहले से ही प्रशासन मौलाना तौकीर रजा और उनके करीबियों की संपत्तियों की जांच कर रहा है। बीडीए ने हाल में आरोपी नदीम खां की चार दुकानों को सील किया था। अब फाइक एन्क्लेव की जांच दोबारा शुरू होने से प्रशासनिक हलकों में खलबली मच गई है। अधिकारियों का कहना है कि शासन का साफ संदेश है, कानून से ऊपर कोई नहीं, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।

SP_Singh AURGURU Editor