आगरा में 300 से अधिक विशेष बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण: शिविर में विशेषज्ञों ने दी सेवाएं

आगरा। मानव सेवा और समर्पण का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार, आगरा ने रे-ऑफ होम्योपैथिक वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से बल्केश्वर स्थित श्री गणेश राम नागर सरस्वती शिशु बालिका विद्या मंदिर में त्रैमासिक निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर आयोजित किया। बीते छह वर्षों से लगातार चल रहे इस अभियान ने सैकड़ों विशेष बच्चों के जीवन में उम्मीद की नई किरण जगाई है।

Apr 12, 2026 - 18:38
 0
आगरा में 300 से अधिक विशेष बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण: शिविर में विशेषज्ञों ने दी सेवाएं
बल्केश्वर स्थित श्री गणेश राम नागर सरस्वती शिशु बालिका विद्या मंदिर में श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार द्वारा आयोजित त्रैमासिक होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर में बच्चों की जांच करते चिकित्सक, साथ में संस्था के सदस्य।

रविवार को आयोजित इस शिविर में 300 से अधिक बच्चों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इनमें मानसिक पक्षाघात, शारीरिक पक्षाघात, अनुवांशिक रोग, भेंगापन, अविकसित बच्चे, डीएमडी, उदंड व्यवहार, अंधापन एवं बहरापन जैसी जटिल समस्याओं से ग्रसित बच्चे शामिल रहे। सभी मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श के साथ तीन माह की निःशुल्क दवाइयां भी प्रदान की गईं।

संस्था के सदस्य अजय गोयल, श्याम सुंदर माहेश्वरी एवं पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि पिछले छह वर्षों से यह सेवा कार्य निरंतर जारी है। इसका उद्देश्य केवल उपचार देना नहीं, बल्कि विशेष बच्चों और उनके परिवारों को मानसिक संबल और नई आशा प्रदान करना भी है।

शिविर में 80 सदस्यीय चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं दीं।
इसमें डॉ. शिव शंकर मितवार, डॉ. नितिन वर्मा, डॉ. अंकित त्यागी, डॉ. ललित गोला, डॉ. रोहित वर्मा, डॉ. भूपेंद्र सिंह, डॉ. शिवा, डॉ. गौरव, डॉ. प्रतिभा शर्मा, डॉ. ज्योति चौधरी, डॉ. निशांत, डॉ. दिशा, डॉ. शुभम और डॉ. रेशमा सहित अन्य चिकित्सक शामिल रहे, जिन्होंने पूरी निष्ठा के साथ बच्चों का परीक्षण कर उचित परामर्श दिया।

जुलाई 2026 में अगला शिविर

संस्था ने बताया कि इस प्रकार के चिकित्सा शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों तक उपचार पहुंच सके। अगला निःशुल्क चिकित्सा शिविर जुलाई 2026 में आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर संस्था के मनोज कुमार गर्ग, नीरज कुमार अग्रवाल, मनीष गोयल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे और शिविर को सफल बनाया।

SP_Singh AURGURU Editor