पीएम मोदी की मां को गाली देने पर बोले ओवैसी, शब्दों की मर्यादा लांघना गलत
एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री मोदी को गाली दिए जाने की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा है कि शब्दों की मर्यादा नहीं लांघनी चाहिए, यह गलत है।
नई दिल्ली। बिहार के दरभंगा में कांग्रेस और आरजेडी के एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां को गाली दिए जाने की असदुद्दीन ओवैसी ने कड़ी निंदा की है। हैदराबाद के सांसद ने कहा है कि यह गलत है और इससे तो बहस अश्लील हो जाएगी। एआईएमआईएम नेता का कहना है कि प्रधानमंत्री की आलोचना और निंदा की जा सकती है, लेकिन शब्दों की मर्यादा की सीमा नहीं लांघ सकते और इसकी भर्त्सना होनी चाहिए। गुरुवार को पीएम मोदी और उनकी मां के लिए गाली और अपशब्दों के इस्तेमाल वाला यह वीडियो वायरल है और इस संबंध में एक आरोपी को शुक्रवार को बिहार पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है।
असदुद्दीन ओवैसी ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा है 'अच्छे अल्फाज का इस्तेमाल होना चाहिए। आप बोलें, विरोध करें और आलोचना करें, जितनी निंदा हो करें, लेकिन सभ्यता की सीमा न लांघें...यह गलत है और ऐसा नहीं होना चाहिए। चाहे कोई भी हो।' इस मुद्दे को लेकर बीजेपी कांग्रेस पर हमलावर है और पार्टी नेता राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग कर रही है, क्योंकि इंडिया ब्लॉक के मंच से ही पीएम मोदी को गाली दी गई थी।
ओवैसी ने आगे कहा, 'प्रधानमंत्री की आलोचना करें, लेकिन एक चीज का ख्याल रखें कि अगर आप लाइन क्रॉस कर रहे हैं तो यह सही नहीं है। तब बहस का विषय गलत और अश्लील हो जाएगा। अगर कोई दूसरा ऐसा कर रहा है, तो हमें उसकी नकल करने की जरूरत नहीं है।'
इस बीच बिहार पुलिस ने पीएम मोदी और उनकी मां के लिए भरे मंच से अपशब्दों के इस्तेमाल के सिलसिले में रिजवी नाम के एक शख्स को धर दबोचा है। उधर इस मामले में कांग्रेस के एक स्थानीय नेता नौशाद ने माफी मांगी है। वीडियो वायरल होने के बाद से यही सबसे ज्यादा विवादों के केंद्र में था। हालांकि, माफी के साथ उसने यह भी दावा किया है कि आरोपी को उसी समय मंच पर पीटा भी गया था। नौशाद को जाले विधानसभा से कांग्रेस के टिकट का दावेदार भी बताया जा रहा है।