पहलगाम हमला सुरक्षा की बड़ी नाकामी, केंद्र सरकार फेल: शिवपाल यादव
आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला है। आगरा दौरे पर आए शिवपाल ने कहा कि इतनी बड़ी आतंकी घटना हो जाए और सरकार को भनक तक न लगे, यह दिखाता है कि सरकार पूरी तरह विफल है।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, जिसे आप ईंट का जवाब पत्थर से देने की बात कह रहे हैं, उस पर कुछ कहने की ज़रूरत नहीं, देखते हैं क्या होता है।
शिवपाल ने उत्तर प्रदेश सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सपा सांसद रामजीलाल सुमन पर हुआ हमला सत्ता के इशारे पर किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि अब तक हमलावरों की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई और सरकार उन्हें सुरक्षा क्यों नहीं दे रही।
सपा महासचिव ने ऐलान किया कि एक मई को समाजवादी पार्टी प्रदेशभर में जोरदार प्रदर्शन करेगी। धरना-प्रदर्शन के साथ ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
आगरा आगमन पर शिवपाल सिंह यादव ने दिवंगत सपा कार्यकर्ता धारा सिंह यादव के घर पहुंचकर उनके परिवार से भेंट की और शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद वह दो मांगलिक कार्यक्रमों में भी शामिल हुए। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रमों में जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण वर्मा और नगर अध्यक्ष वाजिद निसार भी मौजूद रहे।