पाक ने चार घंटे के अंदर ही किया सीजफायर का उल्लंघन, दागे गोले, भारत दे रहा मुंहतोड़ जवाब
नई दिल्ली/जम्मू। भारत और पाकिस्तान के बीच आज शाम 5 बजे घोषित हुआ सीजफायर महज औपचारिकता बनकर रह गया। पाकिस्तानी सेना ने महज चार घंटे के भीतर ही सीजफायर तोड़ते हुए संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों ने पूरी ताकत से मोर्चा संभाल लिया है।
सूत्रों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर से लेकर राजस्थान सीमा तक कई सेक्टरों में भारी गोलाबारी और धमाकों की आवाजें सुनी जा रही हैं। पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए हमले भी किए जा रहे हैं, जिनका भारतीय वायु रक्षा प्रणाली द्वारा तत्काल जवाब दिया जा रहा है।
आज शाम 5 बजे दोनों देशों के बीच सीमा पर शांति बहाल करने के लिए सीजफायर की घोषणा की गई थी। माना जा रहा था कि यह पहल दोनों देशों के बीच रिश्तों में नरमी की शुरुआत करेगी। लेकिन सीजफायर का उल्लंघन कर पाकिस्तान ने एक बार फिर दुनिया को यह दिखा दिया कि उस पर भरोसा नहीं किया जा सकता।
सेना के सूत्रों ने साफ कहा है कि हर गोली का जवाब दिया जाएगा और सीमा पर भारत की तरफ से किसी भी तरह की ढील नहीं बरती जाएगी। सीमावर्ती इलाकों में सेना हाई अलर्ट पर है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
पाकिस्तान की ओर से सीमा पर ड्रोन गतिविधियां बढ़ी हैं। कई जगहों पर छोटे हथियारों से लेकर मोर्टार तक का इस्तेमाल किया गया। भारतीय फोर्सेज ने न केवल जवाबी फायरिंग की, बल्कि ड्रोन को ट्रैक करने और मार गिराने के लिए स्पेशल यूनिट्स को सक्रिय कर दिया है।
राजस्थान के जैसलमेर में जहां बाजार खुलने लगे थे, वहीं गोलाबारी के बाद ब्लैक आउट हो गया। इसके अलावा जोधपुर, बीकानेर में भी भारी फायरिंग की खबर है। पाकिस्तान की ओर से उधमपुर, अखनूर, नौशेरा, पूंछ, राजौरी, मेंढर, जम्मू, सुंदरबनी, आरएस पुरा, अरनिया और कठुआ के इलाकों में ताबड़तोड़ फायरिंग की।