भारत से टक्कर से पहले पाक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द की

  पाकिस्तान की टीम को एशिया कप 2025 के ग्रुप स्टेज मुकाबले में भारत के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा था। अब उनका सामना एक बार फिर से टीम इंडिया से सुपर 4 राउंड में होगा।

Sep 20, 2025 - 22:48
 0
भारत से टक्कर से पहले पाक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द की

दुबई। एशिया कप 2025 में भारत के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले पाकिस्तानी क्रिकेट टीम एक बार फिर विवादों में घिर गई है। टीम ने 21 सितंबर को होने वाले मैच से पहले अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द कर दी है, जो टीम के अंदरूनी दबाव को दर्शाता है। इससे पहले, टीम ने यूएई के खिलाफ मैच से पहले भी प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द की थी।

ये विवाद भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज में मिली करारी हार के बाद शुरू हुए। भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराया था। वहीं टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ मिलाने से भी इनकार कर दिया था। जिसके बाद पाकिस्तानी टीम का मनोबल काफी गिर गया है। टीम मैनेजमेंट ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. राहील को भी बुलाया है। टीम की हाल इतनी ज्यादा खराब हो गई है कि बीच टूर्नामेंट में उन्हें मोटिवेशनल स्पीकर की जरूरत पड़ गई।
  
मैदान से बाहर भी विवादों की एक लंबी लिस्ट है। भारत-पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव के चलते भारतीय खिलाड़ियों ने मैच के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया, जिससे पाकिस्तानी टीम नाराज हो गई और उन्होंने पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में हिस्सा नहीं लिया। इसके बाद, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई, क्योंकि उन्होंने भारतीय टीम पर कोई कार्रवाई नहीं की। पाक क्रिकेट बोर्ड ने टूर्नामेंट से हटने की धमकी भी दी थी और अपनी मांगें पूरी न होने पर यूएई के खिलाफ अपने तीसरे मैच की शुरुआत में देरी भी की।

हालांकि, सबसे बड़ा विवाद तब सामने आया जब पाकिस्तान ने पायक्रॉफ्ट के साथ हुई मीटिंग को प्लेयर्स एंड मैच ऑफिशियल्स एरिया में रिकॉर्ड कर लिया और उसे ऑनलाइन जारी कर दिया।