आईपीएल की वजह से बुरी तरह बौखलाया पाक, पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी की खिलाड़ियों को धमकी
पाकिस्तान सुपर लीग छोड़कर आईपीएल में जाने वाले खिलाड़ियों पर पीसीबी कड़ा एक्शन लेने की तैयारी में है।
इसलामाबाद। इंडियन प्रीमियर लीग की वजह से पाकिस्तान में खलबली मची हुई है। दरअसल जो खिलाड़ी पीएसएल में खेलने वाले थे, उनमें से कुछ क्रिकेटर आईपीएल में आ गए हैं। इसको लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन, मोहसिन नकवी बुरी तरह बौखला गए हैं। उन्होंने आईपीएल में जाने वाले खिलाड़ियों को खुलेआम धमकी दे डाली है।
पहले जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी, इस्लामाबाद यूनाइटेड के लिए खेलने वाले थे, लेकिन उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स में मुस्तफिजुर रहमान को रिप्लेस किया है। वहीं अब श्रीलंका क्रिकेट टीम के कप्तान दासुन शनाका ऐसे दूसरे खिलाड़ी बने हैं, जो पीएसएल कॉन्ट्रैक्ट छोड़ आईपीएल में आ गए हैं। वो राजस्थान रॉयल्स को जॉइन करेंगे। पिछले सीजन में पीसीबी ने दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर कॉर्बिन बॉश पर कार्यवाई की थी, जिन्होंने मुंबई इंडियंस को जॉइन कर लिया था।
रविवार को मीडिया से वार्ता के दौरान मोहसिन नकवी ने कहा, "जहां तक अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों की बात है, देखिए इस बार पीएसएल में कौन से खिलाड़ी खेलने आए हैं। हां , 2-3 खिलाड़ी छोड़कर भी गए हैं और हम उनके खिलाफ लीगल एक्शन लेने की तैयारी में हैं।"
इस बार आईपीएल और पीएसएल का आयोजन एक ही समय पर हो रहा है। दोनों लीगों के टकराव पर मोहसिन नकवी ने कहा कि आईपीएल के साथ टक्कर से ज्यादा असर नहीं पड़ेगा क्योंकि विश्व में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की भरमार है। आईपीएल के बावजूद कई इंटरनेशनल खिलाड़ी पीएसएल में खेलने आए हैं।
मोहसिन नकवी ने बताया कि पीएसएल 2026 के मैच खाली मैदानों में खेले जाएंगे। उन्होंने मिडल ईस्ट में चल रहे युद्ध को इसका कारण बताया। पीएसएल की शुरुआत 26 मार्च से होगी और फाइनल 3 मई को खेला जाएगा। दूसरी ओर 28 मार्च से आईपीएल 2026 शुरू होने जा रहा है, लेकिन अभी तक बीसीसीआई ने पूरा शेड्यूल जारी नहीं किया है। इसलिए फाइनल की तारीख उजागर नहीं हुई है।