अमृतसर पर पाकिस्तानी मिसाइल हमला नाकाम, एयर डिफेंस ने हवा में उड़ाया
अमृतसर। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर की गई मिसाइल स्ट्राइक के पलटवार में पाकिस्तानी सेना की हर कोशिश नाकाम हो रही है। बीती रात करीब एक बजे पाकिस्तान की ओर से भारत के अमृतसर शहर पर एक मिसाइल दागी गई, जिसे भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में निशाना बनाकर नष्ट कर दिया।
-नियंत्रण रेखा पर दोनों देशों की सेनाओं के बीच भारी गोलाबारी जारी
-फिरोजपुर में पाकिस्तानी घुसपैठिये को बीएसएफ ने मार गिराया
हवा में ही नष्ट हुई मिसाइल के टुकड़े अमृतसर के पंथेर कलां, जेठूवाल समेत चार गांवों में गिरे। सुबह गांव वाले मिसाइल के टुकड़ों को कौतूहल से देख रहे थे। इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं।
इस बीच फिरोजपुर सीमा से भारत में घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक पाकिस्तानी घुसपैठिये को बीएसएफ ने गोली मारकर ढेर कर दिया। बताया जा रहा है कि घुसपैठ कर रहा यह पाकिस्तानी बीएसएफ के निशाने पर आ गया।
उधर, नियंत्रण रे पर भारत और पाकिस्तान की सेनाओं के बीच जबर्दस्त गोलाबारी जारी है। भारतीय सेना ने पाकिस्तानी ठिकानों पर करारा जवाब दिया है। पूरे घटनाक्रम के मद्देनजर सीमावर्ती इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और सुरक्षा बलों को चौकन्ना रहने के निर्देश दिए गए हैं।